DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

दिल्ली में वोटर लिस्ट का महाअभियान शुरू, 13 हजार BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

वीना टंडन
नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने घोषणा की है कि 20 से 29 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण और गणना प्रपत्रों समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की छपाई का काम किया जाएगा।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीईओ कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि पूरी सत्यापन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर नियंत्रण और संतुलन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों को भी बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। सभी जानकारियां सीईओ कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

अधिकारियों के मुताबिक, मतदाताओं की सुविधा के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और जगह-जगह विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोग आसानी से गणना प्रपत्र भर सकें। प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी, जिनमें से एक भरकर बीएलओ को लौटानी होगी। मतदाता चाहें तो ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म जमा कर सकेंगे।

इस विशेष अभियान में 1 अक्टूबर की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी मतदाता शामिल होंगे। दिल्ली में 13 हजार से अधिक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।

सीईओ कार्यालय के अनुसार, बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी और 29 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। दावे और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button