DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

हज-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक, रामलीला मैदान का संयुक्त निरीक्षण

वीना टंडन
नई दिल्ली, 12 मार्च। हज-2026 की तैयारियों को लेकर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें हाजियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही अधिकारियों ने रामलीला मैदान का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
दिल्ली सरकार के 9 मार्च को जारी राजपत्र (असाधारण) के माध्यम से दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकाल को आगामी छह माह के लिए बढ़ाए जाने के बाद यह विस्तारित कमेटी की पहली बैठक थी। बैठक में हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, सदस्य नाजिया दानिश (निगम पार्षद), सदस्य मोहम्मद साद, कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी तथा उप कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान हज-2026 के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद राजस्व विभाग, दिल्ली सरकार (मुख्यालय) के उपयुक्त एवं मध्य जिला के डीएम जी. सुधाकर के नेतृत्व में राजधानी के प्रसिद्ध रामलीला मैदान में हज यात्रियों की व्यवस्था से जुड़े कार्यों की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार विभाग, दिल्ली पुलिस, दिल्ली जल बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि हज यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी कार्य आगामी अप्रैल के पहले सप्ताह तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने कहा कि हाजियों को बेहतर और सुचारु सुविधाएं उपलब्ध कराना कमेटी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हज यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएंगे।
गौरतलब है कि हज-2026 की यात्रा 18 अप्रैल से शुरू होकर 20 मई तक जारी रहेगी। इस अवधि के दौरान दिल्ली स्टेट हज कमेटी की व्यवस्थाओं के तहत दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों के करीब 22 हजार हज यात्री दिल्ली से अपनी पवित्र हज यात्रा के लिए उड़ान भरेंगे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button