
दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल से भाजपा सांसदों ने की शिष्टाचार भेंट
वीना टंडन
नई दिल्ली। दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के सांसदों ने शिष्टाचार भेंट की और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उपराज्यपाल से मुलाकात करने वालों में सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत और रामवीर सिंह बिधूड़ी शामिल रहे। इस दौरान सांसदों ने राजधानी के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और सशक्त राजधानी के विजन के अनुरूप तरनजीत सिंह संधू के समृद्ध प्रशासनिक अनुभव, वैश्विक दृष्टि और प्रभावी नेतृत्व में दिल्ली के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुगम यातायात, बेहतर शहरी अवसंरचना, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और नागरिक सुविधाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे, जिससे दिल्ली को और अधिक आधुनिक और विकसित बनाया जा सके।