Newsउत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

यूपी एमडी जैन इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति ने अश्वनी जैन को किया सम्मानित

स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश

 

सिरसागंज। जनपद फिरोजाबाद के श्री महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मानविकी वर्ग में राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर विद्यालय की प्रबंध समिति ने विद्यालय प्रांगण में भव्य समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम का आयोजन प्रबंध समिति के अध्यक्ष मोहनलाल जैन एवं प्रबंधक अशोक कुमार जैन रपरिया के संयोजन में हुआ। इस दौरान अश्वनी कुमार जैन को तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर तथा गोल्ड प्लेटेड प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

आमोद कुमार जैन रावत ने गोल्ड प्लेटेड प्रशस्ति पत्र पढ़कर बताया कि विद्यालय के 74 वर्षों के इतिहास में तथा जनपद फिरोजाबाद की स्थापना के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग में राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले अश्वनी कुमार जैन प्रथम शिक्षक हैं।

 

उन्होंने बताया कि अश्वनी कुमार जैन को विद्यालय में अपने विषय में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, नागरिक शास्त्र विषय को रुचिकर बनाने तथा विभिन्न नवाचारों के लिए यह सम्मान मिला है। उनके द्वारा नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का मॉडल, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान क्विज, संविधान पोस्टर प्रतियोगिता, पैनल बोर्ड के माध्यम से वीडियो आधारित अध्ययन, शैक्षिक भ्रमण तथा टीएलएम के माध्यम से शिक्षण जैसी गतिविधियां कराई जाती रही हैं।

 

इसके साथ ही वे विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों के कार्यक्रमों में मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उन्होंने स्वच्छता कार्यक्रमों के साथ वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा, ‘मेरी माटी मेरा देश’ तथा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ जैसे कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों को संसद एवं चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ सामाजिक कार्यों में भी उनका योगदान रहा है।

 

प्रदेश स्तर पर सम्मानित होने पर जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी की लहर है।

 

नीरज जैन ने अश्वनी कुमार जैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। विद्यालय में नागरिक शास्त्र मेला और संविधान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के कुशल संचालन के साथ वे जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक भी हैं। उनके द्वारा विद्यालय सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियां एवं गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है।

 

पूर्व प्रधानाचार्य साहस कुमार जैन ने कहा कि जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग से पहली बार किसी शिक्षक को राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। यह पूरे जनपद के लिए गौरव का क्षण है।

 

सम्मानित शिक्षक अश्वनी कुमार जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शिक्षामंत्री, समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षक साथियों, विद्यालय की प्रबंध समिति, सोसायटी, विद्यालय परिवार एवं मीडिया वर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने माता-पिता, बहन, परिवार, पत्नी पूनम जैन तथा पुत्र अर्चित जैन एवं पावनी जैन के योगदान का भी उल्लेख किया।

 

उन्होंने कहा कि “काम ही पहचान है।” उनका सदैव प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रायोगिक एवं सृजनात्मक अनुभव भी प्राप्त हों। शिक्षक का कर्तव्य केवल किताबें पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

कार्यक्रम का संचालन अमित जैन शास्त्री ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय की सोसायटी अध्यक्ष कमलेश कुमार जैन, प्रबंध समिति अध्यक्ष मोहनलाल जैन, सोसायटी सचिव राकेश कुमार जैन, प्रबंधक अशोक कुमार जैन रपरिया, उपाध्यक्ष आमोद कुमार जैन रावत, उपप्रबंधक प्रवीण कुमार जैन सिंघई, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार जैन सीआईडी, ऑडिटर देवेंद्र कुमार जैन चंदौरिया, सुशील कुमार जैन सिंघई, राकेश कुमार जैन नगला दानी, डॉ. सतेन्द्र कुमार जैन, संजीव कुमार जैन रावत, छदामी लाल जैन, कमलेश जैन, संदीप जैन, संजय कुमार जैन, अविनाश चन्द्र जैन सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button