
नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, मंदिर के विकास और समाज सेवा का लिया संकल्प
स्टार न्यूज टेलीविजन उत्तर प्रदेश
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री 1008 चंद्र प्रभु दिगंबर जैन पंचायती जैन मंदिर में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, महिला मंडल, नवकार वधू मंडल, युवाओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। नवगठित कार्यकारिणी ने मंदिर के विकास, धार्मिक गतिविधियों के विस्तार और समाज सेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल एवं नवकार वधू मंडल द्वारा मंगलाचरण और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति से हुआ। भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया। शपथ ग्रहण के दौरान पदाधिकारियों ने समाज के विश्वास पर खरा उतरने, मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति देने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता और सभी के सहयोग से मंदिर विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। नई कार्यकारिणी से समाज को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों की भी उपस्थिति रही। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में किए जाने वाले कार्यों के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
नई कार्यकारिणी में चैतन्य स्वरूप जैन एवं प्रशांत जैन को संरक्षक, जितेंद्र कुमार जैन ‘बंटी’ को अध्यक्ष, सुबोध कुमार जैन को उपाध्यक्ष, धर्मेंद्र कुमार जैन को महामंत्री, राजीव जैन को कोषाध्यक्ष, संदीप जैन को संयुक्त मंत्री, मोहित जैन को संगठन मंत्री, कमल जैन को मंदिर मंत्री, विप्लव जैन को प्रचार मंत्री, वैभव जैन को सांस्कृतिक मंत्री तथा सीए मनीष जैन आकाश जैन को ऑडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई। समारोह में पुष्पेंद्र जैन, अनंत भाई, सतीश कुमार, दिनेश बाबू, विजेंद्र जैन, कंचन जैन, नीलम जैन, पूजा जैन, संगीता जैन, शर्मिष्ठा जैन, सिद्ध शरण जैन, अमंता जैन, खुशबू जैन, प्रीति जैन, पारुल जैन, दर्पण जैन, स्नेहलता जैन, देवेंद्र जैन, राजीव जैन केसरी, पंकज जैन, ओम प्रकाश जैन, राजेश जैन, बबीता जैन सहित महिला इकाई ट्रांस यमुना और नवकार वधू मंडल की सदस्याएं तथा समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए मंदिर के विकास, धार्मिक आयोजनों के विस्तार और समाजहित के कार्यों में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समारोह का समापन मंगलकामनाओं और सामूहिक आशीर्वाद के साथ हुआ।





