DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

12 जुलाई को होगा भव्य चातुर्मास प्रवेश महोत्सव, ‘जीवदया वर्ष’ का भी होगा शुभारंभ

वीना टंडन
नई दिल्ली। दिल्ली गुजराती श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन संघ (रजि.) के तत्वावधान में 12 जुलाई 2026 को पूज्य अध्यात्मयोगी आचार्यदेव श्रीमद् विजय कलापूर्ण सूरीश्वर जी महाराज के पावन शिष्य मंडल का भव्य चातुर्मास प्रवेश महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ‘जीवदया वर्ष’ का भी शुभारंभ होगा, जिसके तहत पूरे वर्ष जीवदया, गोरक्षा, गौसेवा, अभयदान, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चातुर्मास केवल तप और साधना का पर्व नहीं, बल्कि आत्मपरिवर्तन, अहिंसा, करुणा और जीवदया को जीवन में उतारने का दिव्य अवसर है। इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली को ‘जीवदया नगरी’ के रूप में विकसित करना तथा समाज में सर्वजीव मैत्री और करुणा की भावना को मजबूत करना है।
चातुर्मास का आयोजन पीतमपुरा स्थित श्री आत्म वल्लभ विद्या मंदिर (जैन पाठशाला) परिसर में होगा। इस दौरान प्रवचन, भक्तामर तप, स्वाध्याय, संस्कार शिविर, बाल एवं युवा कार्यक्रम, आत्मविकास शिविर तथा विभिन्न धार्मिक आराधनाएं आयोजित की जाएंगी।
संघ के अनुसार 12 जुलाई को सुबह 6:30 बजे नवकारसी, 7:45 बजे पुष्पांजलि एन्क्लेव, पीतमपुरा से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 9 बजे धर्मसभा एवं मंगल प्रवचन तथा 11:45 बजे संघ स्वामी वात्सल्य का आयोजन होगा।
चातुर्मास के दौरान श्रद्धालुओं को पूज्य मुनिश्री तीर्थनिर्वाण विजयजी महाराज, मुनिश्री तीर्थरत्न विजयजी महाराज, मुनिश्री तीर्थतारक विजयजी महाराज तथा मुनिश्री तीर्थसंयम विजयजी महाराज की पावन निश्रा प्राप्त होगी। वहीं मुनिश्री तीर्थतारक विजयजी महाराज अपने प्रेरणादायी प्रवचनों एवं प्राचीन ज्योतिषीय परंपरा पर आधारित आध्यात्मिक मार्गदर्शन से श्रद्धालुओं को जीवन की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु प्रेरित करेंगे।
संघ ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित चातुर्मास महोत्सव में सहभागिता कर जैन धर्म की वाणी और आध्यात्मिक साधना का लाभ लेने का आह्वान किया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button