
ब्रिक्स सुरक्षा बैठक में शामिल होने भारत आएंगे चीन के शीर्ष राजनयिक वांग यी
वीना टंडन
नई दिल्ली। चीन के वरिष्ठ राजनयिक और विदेश मामलों के लिए केंद्रीय आयोग के कार्यालय के निदेशक वांग यी 22 से 23 जून तक भारत के दौरे पर रहेंगे। वह नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों से जुड़े उच्च प्रतिनिधियों की 16वीं बैठक में हिस्सा लेंगे।
चीनी विदेश मंत्रालय (एमएफए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि वांग यी का यह दौरा भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के निमंत्रण पर हो रहा है। वांग यी चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के पॉलिटिकल ब्यूरो के सदस्य भी हैं।
गौरतलब है कि वांग यी ने पिछले वर्ष भी नई दिल्ली का दौरा किया था। अगस्त 2025 में उन्होंने एनएसए अजीत डोभाल के साथ विशेष प्रतिनिधियों (एसआर) की 24वीं बैठक में भाग लिया था। उस दौरान दोनों पक्षों ने माना था कि भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनी हुई है तथा द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वांग यी का यह दौरा भारत और चीन के बीच संबंधों में सुधार की जारी प्रक्रिया का हिस्सा है। पिछले कुछ समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हुई बैठकों के बाद दोनों देशों के संबंधों में सकारात्मक प्रगति देखने को मिली है।
ब्रिक्स बैठक के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा, वैश्विक चुनौतियों और सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।





