
NCR में BS-1, 2 और 3 वाहनों की होगी छुट्टी, नमो भारत से जुड़ेंगे बड़े शहर; आबादी दोगुनी होने की तैयारी
वीना टंडन
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बढ़ते प्रदूषण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अहम फैसले लिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 वाहनों को सड़कों से हटाने तथा बीएस-6 वाहनों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। इन प्रस्तावों को आगामी दो माह में घोषित होने वाले रीजनल प्लान-2041 में शामिल किया जाएगा।
मनोहर लाल ने कहा कि एनसीआर में पर्यावरण सुधार के लिए नई नीति लागू की जाएगी। इसके तहत पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। वहीं, बीएस-4 वाहनों को अन्य जिलों में बेचने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए तैयार की गई परिवर्तन योजना को संबंधित राज्यों द्वारा नोटिफाई कराया जाएगा।
हर राज्य के चार बड़े शहर नमो भारत नेटवर्क से जुड़ेंगे
बैठक में क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अगले दो दशकों में मेट्रो और नमो भारत नेटवर्क का व्यापक विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत एनसीआर में शामिल प्रत्येक राज्य के चार प्रमुख शहरों को नमो भारत कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 5000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
अरावली से नहीं होगी छेड़छाड़, ग्रीन कवर बढ़ेगा
मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि अरावली क्षेत्र के वन क्षेत्रों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इसके विपरीत ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे ताकि पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बना रहे।
15 साल में दोगुनी हो सकती है एनसीआर की आबादी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में एनसीआर की आबादी करीब 7.5 करोड़ है, जो अगले 15 वर्षों में दोगुनी हो सकती है। बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘नमो सिटी’ जैसी सब-सिटी विकसित करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
NCR का दायरा घटाने का प्रस्ताव खारिज
बैठक के दौरान एनसीआर का क्षेत्रफल 55 हजार वर्ग किलोमीटर से घटाकर 35 से 45 हजार वर्ग किलोमीटर करने संबंधी चर्चाओं पर भी विराम लग गया। मनोहर लाल ने साफ किया कि एनसीआर की वर्तमान सीमा में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पहले जिन प्रतिबंधों के आधार पर क्षेत्र घटाने का विचार था, अब उन्हें एक समान लागू करने के बजाय तीन अलग-अलग श्रेणियों में लागू किया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, राजस्थान के नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य बातें
– NCR में BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों को हटाने पर सहमति।
– BS-6 वाहनों को बढ़ावा देने की नीति लागू होगी।
– BS-4 वाहनों को अन्य जिलों में बेच सकेंगे मालिक।
– हर राज्य के चार बड़े शहर नमो भारत नेटवर्क से जुड़ेंगे।
– परियोजना के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान।
– NCR का दायरा यथावत रहेगा, कोई कटौती नहीं होगी।
– अगले 15 वर्षों में आबादी 7.5 करोड़ से बढ़कर लगभग दोगुनी होने का अनुमान।





