
गाजीपुर के मेडिकल कालेज में धर्मांतरण रोकथाम के लिए सेल गाइडलाइन का इंतजार
स्टार न्यूज़ टेलिविजन
बुलबुल पाण्डेय
गाजीपुर:महर्षि विश्वामित्र स्वशासीय मेडिकल कालेज में धर्मांतरण रोकथाम सेल गठन किया जायेगा।
इस संदर्भ में मेडिकल कालेज गाजीपुर के प्रिंसिपल प्रोफेसर डा. आनंद मिश्रा ने स्टार न्यूज़ से बताया है कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का आदेश है कि सभी सरकारी और निजी मेडिकल कालेज और डेंटल कालेजों में धर्मांतरण रोकथाम सेल का गठन किया जाये।
इस सेल का प्रमुख कार्य और उद्देश्य: जागरूकता: यह सेल छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों, संकाय सदस्यों (फैकल्टी) और कर्मचारियों के बीच धर्म परिवर्तन से जुड़े कानूनी प्रावधानों, व्यक्तिगत अधिकारों और संस्थागत जिम्मेदारियों पर जागरूकता अभियान चलाएगा। सतर्कता और निगरानी: परिसरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
शिकायत निवारण: यह विशेष सेल प्राप्त शिकायतों की जांच करेगा और नियमानुसार तत्काल आवश्यक और सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होने बताया कि धर्मांतरण रोकथाम सेल के गठन के लिए शासन से गाइडलाइन प्राप्त होते ही कमेटी बना दी जायेगी।







