
कोर्ट के आदेश पर मिला नया आशियाना, केजरीवाल लोधी स्टेट बंगले में हुए शिफ्ट
वीना टंडन
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद आवास को लेकर चर्चा में रहे अरविंद केजरीवाल अब अपने नए सरकारी बंगले में शिफ्ट हो गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी और बताया कि यह आवास उन्हें अदालत के आदेश के तहत आवंटित किया गया है।
केजरीवाल ने अपने संदेश में लिखा कि केंद्र सरकार ने उन्हें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में कोर्ट के निर्देश पर यह घर दिया है और अब वह अपने परिवार के साथ यहां रहने लगे हैं।
कहां है नया बंगला, क्या हैं सुविधाएं?
पूर्व मुख्यमंत्री को नई दिल्ली के लोधी स्टेट इलाके में 95 नंबर का टाइप-7 श्रेणी का सरकारी बंगला आवंटित हुआ है। राजधानी में इस श्रेणी के बंगले बेहद सीमित और खास पदों पर आसीन लोगों को ही दिए जाते हैं। करीब 5000 वर्ग फुट में फैले इस आवास में चार बेडरूम, दो लॉन, तीन सर्वेंट क्वॉर्टर, एक गैराज और कार्यालय के लिए अलग स्थान की सुविधा मौजूद है।
क्यों मिला नया आवास?
नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को दिल्ली में सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाता है। इसी आधार पर केजरीवाल को यह बंगला मिला है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें अलग से सरकारी आवास का प्रावधान नहीं है, जिसके चलते उन्होंने फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आवास खाली कर दिया था।
इसके बाद वे अस्थायी रूप से पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर में रह रहे थे। अब नए बंगले में शिफ्ट होने के साथ उनके आवास को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।


