
दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की वापसी, 4 से 8 मई तक सजेगा सिनेमा का वैश्विक मंच
वीना टंडन
नई दिल्ली: राजधानी में सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली का पहला और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह, दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह एक बार फिर भव्य अंदाज में लौट रहा है। 15वां संस्करण 4 से 8 मई 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें दुनिया भर की फिल्मों, कलाकारों और संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा।
संस्कृति मंत्रालय के अधीन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और ‘द सोशल सर्किल’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह समारोह डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर और IGNCA परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस बार फेस्टिवल पहले से अधिक भव्य और अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में सामने आएगा, जिसमें 60 से अधिक देशों की 175 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही 100 से ज्यादा कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र होगी।
समारोह का उद्घाटन दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित मशहूर फिल्मकार अडूर गोपालकृष्णन करेंगे। इस मौके पर बंगाली सिनेमा के महान अभिनेता उत्तम कुमार की जन्मशती पर विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं मोरक्को के फिल्मकार मोहम्मद आहेद बेन्सौदा को सम्मानित करते हुए उनकी चर्चित फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
समारोह में बांग्लादेश की मशहूर गायिका रूना लैला को ‘मीनार-ए-दिल्ली अवॉर्ड’ से नवाजा जाएगा, जबकि भारत की वरिष्ठ गायिका उषा उथुप को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जाएगा। वरिष्ठ अभिनेत्री शर्मिला टैगोर की फिल्म ‘पुरातन’ के जरिए उनकी वापसी भी खास आकर्षण रहेगी, जिसमें रितुपर्णो सेनगुप्ता की अहम भूमिका है।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियां नजर आएंगी, जिनमें केतन मेहता, रेवती, राजपाल यादव, पियूष मिश्रा, रघुवीर यादव और यशपाल शर्मा शामिल हैं। इसके अलावा लेबनान, अफगानिस्तान, ओमान, मिस्र, मोरक्को और बांग्लादेश सहित कई देशों के कलाकार भी हिस्सा लेंगे, जिससे यह आयोजन एक वैश्विक सांस्कृतिक संगम का रूप लेगा।
फेस्टिवल में रूस की फिल्म संस्था रोस्किनो और मोजाम्बिक का राष्ट्रीय फिल्म संस्थान सहयोगी भागीदार के रूप में जुड़ रहे हैं। इस बार रूस और चीन की फिल्मों के विशेष प्रदर्शन के साथ अफ्रीकी सिनेमा पर खास फोकस रहेगा।
पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में वर्ल्ड सिनेमा, इंडियन सिनेमा, एनआरआई सिनेमा, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और रेट्रोस्पेक्टिव जैसी श्रेणियों में फिल्में दिखाई जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, यह फेस्टिवल सिर्फ फिल्मों का मंच नहीं बल्कि समाज और सिनेमा के रिश्ते को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
समारोह में एंट्री पूरी तरह निशुल्क रहेगी। फिल्मों का चयन फिल्म पत्रकार अनुराग पुनेठा, समीक्षक प्रमोद कौंसवाल और टीवी जगत की जानी-मानी हस्ती रीमा दिनेश कपूर ने किया है, जबकि ज्यूरी की अध्यक्षता रमन चावला करेंगे।
फिल्म समीक्षकों के बीच भी इस आयोजन को लेकर खास उत्साह है। समीक्षकों का मानना है कि यह फेस्टिवल अपनी मौलिक पहचान और विश्वसनीयता के लिए जाना जाता है और वर्षों से सिनेमा के जरिए वैश्विक संवाद को मजबूत करता रहा है।
बॉक्स: 175 फिल्में, 60+ देशों की भागीदारी
इस बार फेस्टिवल में वर्ल्ड सिनेमा, इंडियन शोकेस और एनआरआई श्रेणियों में कुल 175 फिल्मों का प्रदर्शन होगा। फीचर, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन और म्यूजिक वीडियो जैसी विभिन्न विधाओं में फिल्मों को शामिल किया गया है, जिससे दर्शकों को सिनेमा के विविध रंग देखने को मिलेंगे।
बॉक्स: सितारों का लगेगा मेला
समारोह में हिमानी शिवपुरी, मुकेश तिवारी, मेघना मलिक समेत कई भारतीय कलाकार मौजूद रहेंगे, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई नामचीन हस्तियां अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
खास आकर्षण: उद्घाटन अडूर गोपालकृष्णन द्वारा, रूना लैला को सम्मान, उषा उथुप को लाइफटाइम अवॉर्ड और उत्तम कुमार को

