
सुपर-एफिशिएंट एसी से 60% तक ऊर्जा बचत संभव: विशेषज्ञ
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
नई दिल्ली, 12 मार्च : बढ़ती गर्मी और तेजी से बढ़ती कूलिंग मांग के बीच एयर कंडीशनिंग उद्योग के विशेषज्ञों ने सुपर-एफिशिएंट और ह्यूमिडिटी-ऑप्टिमाइज़्ड एसी तकनीक अपनाने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि इन नई तकनीकों से ऊर्जा खपत में 60 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है और बिजली की पीक मांग को लगभग आधा किया जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार भारत के लगभग 60 प्रतिशत जिले, जहां देश की 76 प्रतिशत आबादी रहती है, अत्यधिक गर्मी के जोखिम का सामना कर रहे हैं। हाल ही में मुंबई का तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मार्च के औसत से काफी अधिक है।
यह चर्चा रॉकी माउंटेन इंस्टीट्यूट और सेप्ट यूनिवर्सिटी द्वारा जिओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सत्र के दौरान हुई। इसमें संजय सुधाकरण अक्षम घाटे और मुकुंदन मेनन सहित उद्योग के कई विशेषज्ञ शामिल हुए।
विशेषज्ञों ने बताया कि 2050 तक भारत में एक अरब से अधिक रूम एयर कंडीशनर इस्तेमाल में हो सकते हैं, जिससे कूलिंग से जुड़ी बिजली की मांग कई गुना बढ़ने की आशंका है। ऐसे में सुपर-एफिशिएंट और नमी के अनुसार काम करने वाले एसी भविष्य में किफायती और टिकाऊ कूलिंग का महत्वपूर्ण समाधान बन सकते हैं।





