
जंतर-मंतर से केजरीवाल का हुंकार: “जज का फैसला भाजपा के गाल पर तमाचा”
वीना टंडन
नई दिल्ली।दिल्ली की अदालत द्वारा आबकारी नीति मामले में बरी किए जाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर से भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “परसों दिल्ली की अदालत ने दिल्ली और देश के लोगों के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला दिया है। आज देश में डर का माहौल है, फिर भी जज साहब ने धाकड़ फैसला सुनाया है। मैं उनका धन्यवाद करता हूं।”
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया और उन्हें भ्रष्टाचारी बताया गया। “जज साहब के 600 पेज के फैसले ने साफ कर दिया कि आरोप झूठे थे। यह फैसला भाजपा और उसके नेताओं के गाल पर जोरदार तमाचा है,” केजरीवाल ने कहा।
“मैं देश की सेवा के लिए राजनीति में आया”
केजरीवाल ने अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि आईआईटी में पढ़ाई के दौरान उनके कई साथी विदेश चले गए, लेकिन उन्होंने देश सेवा का रास्ता चुना। “इनकम टैक्स विभाग में नौकरी की, एक पैसा रिश्वत नहीं लिया। 10 साल मुख्यमंत्री रहा, एक भी पैसे का भ्रष्टाचार नहीं किया। अगर कोई एक व्यक्ति भी कह दे कि मैंने उससे पैसे मांगे, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा,” उन्होंने कहा।
भाजपा पर सीधा हमला
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि 12 साल के शासन में जनता की जिंदगी नहीं सुधरी। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक, प्रदूषण, सफाई और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे उठाए।
उन्होंने गुजरात में कथित नशे और शराब कारोबार के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि “अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करनी है तो वहां करके दिखाएं।”
“दिल्ली में वादे पूरे नहीं हुए”
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा सरकार को एक साल हो गया, लेकिन रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के वादे पूरे नहीं हुए। “आज चुनाव हो जाए तो भाजपा की एक भी सीट नहीं आएगी,” उन्होंने दावा किया।
गोपाल राय का बयान
पार्टी नेता गोपाल राय ने राउज एवेन्यू कोर्ट के न्यायाधीशों का धन्यवाद करते हुए कहा कि भाजपा किसी भी अदालत में चली जाए, केजरीवाल की छवि खराब नहीं कर सकती। “केजरीवाल ईमानदार थे, हैं और रहेंगे,” उन्होंने कहा।
सिसोदिया का आह्वान
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जंतर-मंतर वही जगह है जहां से पार्टी का जन्म हुआ था और अब देश स्तर पर संघर्ष का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियों से टकराने की तैयारी रखनी होगी।”
भगवंत मान ने बढ़ाया हौसला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और पार्टी को मजबूत करने का संदेश दिया।
गौरतलब है कि दिल्ली की अदालत ने सीबीआई के मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया है। इसके बाद आम आदमी पार्टी इसे अपनी “नैतिक और राजनीतिक जीत” बता रही है।

