
पुरैना बाजार में छठ पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब विधायक सुभाष के साथ चौकस रहा प्रशासन
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
ब्यूरो रिपोर्ट
बहराइच। विशेश्वरगंज। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा पर रविवार को पुरैना बाजार स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में स्थित सरोवर के तट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा परिसर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
छठ पर्व को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। शाम को निर्धारित समय पर व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधान में पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर सरोवर पहुंचीं। इसके बाद जल में खड़े होकर फल, फूल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद के साथ विधि-विधान से भगवान सूर्य की आराधना की। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान महिलाओं ने छठी मैया के गीत गाए और परिवार की मंगलकामना की।
पुरैना बाजार, मधिनगरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत और पूजन के लिए पहुंचीं। श्रद्धालुओं की भीड़ से सरोवर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। छठ पर्व की परंपरा के अनुसार व्रती महिलाएं रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण करेंगी।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरोवर परिसर में प्रकाश सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस बल ने भीड़ को व्यवस्थित रखने और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निगरानी की।
छठ पर्व सूर्यदेव और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का विशेष पर्व है। इसमें व्रती महिलाएं कठिन निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। पुरैना बाजार में आयोजित सामूहिक पूजा ने क्षेत्र में धार्मिक एकता, सामाजिक सद्भाव और लोक संस्कृति की खूबसूरत तस्वीर पेश की।





