
पीएम के चुनाव क्षेत्र को स्लीपर बन्दे भारत की सौगात 160 किमी प्रति घंटा होगी स्पीड
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
राकेश पाण्डेय
Bande Bharat Sleeper Train: लंबी दूरी का सफर अब तेज रफ्तार और आरामदायक सुविधाओं के साथ तय करने की तैयारी है.रात में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नई स्लीपर वंदेभारत एक खास विकल्प बनने जा रही है.यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम है.इसमें 16 कोच और कुल 823 बर्थ हैं.31 अक्टूबर को पीएम के चुनाव क्षेत्र बनारस स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी.रेलवे ने इसके संचालन और रखरखाव से जुड़ी तैयारियों की जानकारी भी साझा की है।
*31 अक्टूबर को कैंट स्टेशन के 8 नं प्लेटफार्म पर दिखाई जाएगी हरी झंडी*
नई स्लीपर वंदेभारत को बनारस स्टेशन से रवाना करने की तैयारी चल रही है.निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 31 अक्टूबर को ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.इसके लिए स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर मंच तैयार किया जा रहा है.कार्यक्रम में आने वाले लोगों के बैठने के लिए टेंट लगाने का काम भी शुरू हो गया है.बुधवार को उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों ने स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया.
*16 कोचो में मौजूद हैं 823 बर्थ*
नई ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे.इनमें यात्रियों के लिए 823 बर्थ उपलब्ध रहेंगी.ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे है.रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी.शुक्रवार को इसका संचालन नहीं होगा.हालांकि, ट्रेन के नियमित संचालन का पूरा विवरण और समय-सारिणी यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण होगी।
*स्पीड के रोमांच के साथ आरामदायक सफर पर जोर*
रेलवे का कहना है कि नई स्लीपर वंदेभारत को लंबी दूरी की रात की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है.इसमें उन्नत एयरो डायनामिक डिजाइन और आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है.इन तकनीकों से तेज रफ्तार के दौरान झटके कम करने और यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने में मदद मिलेगी.शांत वातावरण भी यात्रियों के सफर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.
*काशी में ही होगी मरम्मत, प्रयागराज-कानपुर में पानी की व्यवस्था*
नई स्लीपर वंदेभारत के रखरखाव की व्यवस्था भी तय की गई है.ट्रेन की मरम्मत वाराणसी में होगी.वहीं, प्रयागराज और कानपुर में ट्रेन में पानी भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी.इससे यात्रा के दौरान जरूरी परिचालन व्यवस्थाओं को बनाए रखने में मदद मिलेगी.रेलवे को उम्मीद है कि आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं से लैस यह ट्रेन लंबी दूरी की रेल यात्रा को नया अनुभव देगी।






