
जेवर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी के नाम पर रखने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
स्टार न्यूज़ टेलीविजन | उत्तर प्रदेश
टूंडला। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम तिलक-जनेऊ के रक्षक, महान बलिदानी श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी के नाम पर रखे जाने की मांग को लेकर आप और हम राष्ट्रीय भ्रष्टाचार अपराध मुक्ति संगठन की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एस. बेदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी टूंडला के माध्यम से ज्ञापन भेजकर एयरपोर्ट के नामकरण संबंधी प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी ने धर्म, मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने तिलक-जनेऊ की रक्षा के लिए भी अपने प्राण न्योछावर किए। ऐसे महान बलिदानी के सम्मान में जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
संगठन ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर एयरपोर्ट किए जाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। ऐसे में इस मांग को नजरअंदाज किया जाना बेहद दुखद है। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने और जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी के नाम पर रखने की अपील की।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गुरु साहिब के सम्मान और उनके महान बलिदान की पहचान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य नेता के नाम पर एयरपोर्ट का नामकरण करना है, तो उसके लिए किसी अन्य एयरपोर्ट पर विचार किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एस. बेदी, जिला अध्यक्ष जसवीर यादव, उदयवीर मेजर (रिटायर्ड), देवेंद्र पाल, राजू गांधी, सरदार गुरमीत सिंह सेंकी, गुरुमुखदास, सत्यवीर यादव, किशन (जिला मीडिया प्रभारी), कमरुद्दीन भाई, देवेंद्र कुमार यादव (प्रवक्ता), बहादुर सिंह अरोरा, रनवीर यादव, सरदार भूपिंदर सिंह (आगरा), सरदार दविंदर पाल सिंह और चंदन बघेल सहित अन्य लोग शामिल रहे।
संगठन ने दोहराया कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु तेग बहादुर महाराज जी के नाम पर रखा जाना उनके महान बलिदान के प्रति सच्चा सम्मान होगा।





