
हनुमान अंश’ की टीम को गांधी स्मृति में ‘साइटेशन ऑफ ऑनर’
‘
वीना टंडन
नई दिल्ली, 27 सितंबर। फिल्म ‘शिरडी साईं बाबा’ के निर्माता और शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन के संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी औषिम खेरतपाल ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम को सम्मानित किया। नई दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में आयोजित विशेष समारोह में फिल्म के कलाकारों, निर्माता और निर्देशक को ‘साइटेशन ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति (GSDS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य सिनेमा के जरिए आध्यात्मिक चेतना, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, शिरडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे, औषिम खेरतपाल और साईं बाबा पीस अवॉर्ड्स की इंटरनेशनल स्ट्रैटेजिस्ट संजना जॉन मौजूद रहे। वहीं ‘हनुमान अंश’ की टीम की ओर से निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्य, बाल कलाकार विहान शेगड़े और निर्माता नम्रता व रागिनी सोना ने समारोह में हिस्सा लिया। विहान फिल्म में 14 वर्षीय बाबा की भूमिका निभा रहे हैं।
औषिम खेरतपाल ने कहा कि करीब 26 साल पहले उन्होंने शिरडी साईं बाबा के जीवन पर फिल्म ‘शिरडी साईं बाबा’ बनाई थी। इसका उद्देश्य साईं बाबा के संदेश और जनकल्याण की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ की टीम ने भी ऐसा विषय चुना है, जो दर्शकों में आस्था और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देता है। उनके मुताबिक सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता पैदा करने में भी इसकी भूमिका हो सकती है।
विजय गोयल ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक चेतना से जुड़े विषयों को दर्शकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। गांधी स्मृति जैसे ऐतिहासिक परिसर में फिल्म की टीम का सम्मान इस अवसर को और खास बनाता है।
समारोह में ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम के प्रयासों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में औषिम खेरतपाल ने फिल्म की टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





