
BRICS में आज मोदी-जिनपिंग की मुलाकात पर टिकी दुनिया की नजर
सुबह से बैठकों का दौर, दोपहर में BRICS का मुख्य सत्र, शाम को भारत-चीन वार्ता और रात में गाला डिनर
वीना टंडन
नई दिल्ली,। राजधानी दिल्ली में चल रहे BRICS Summit 2026 के पहले दिन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। हालांकि पूरे दिन होने वाली तमाम महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकों के बीच शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की प्रस्तावित मुलाकात पर देश-दुनिया की खास नजर रहेगी। शी जिनपिंग भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और दोनों नेताओं की बातचीत को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत कई राष्ट्राध्यक्षों और नेताओं से मुलाकात की थी।
सुबह से शुरू होगा मुलाकातों का सिलसिला
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद 10:30 बजे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बैठक होगी। सुबह 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात प्रस्तावित है।
इसके बाद 11:30 बजे वियतनाम के नेता ले मिन्ह हंग के साथ प्रधानमंत्री की बैठक निर्धारित है। इसी दौरान राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात करेंगी।
दोपहर में BRICS का मुख्य सत्र
BRICS सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम के लिए सदस्य देशों के नेता दोपहर 2 बजे भारत मंडपम पहुंचेंगे। इसके करीब 35 मिनट बाद समिट हॉल में ‘Inclusive Global Governance and Strengthening Multilateralism’ विषय पर बंद सत्र आयोजित होगा। इसमें वैश्विक शासन व्यवस्था, बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
‘भारत इनोवेट्स’ से लेकर सामूहिक वृक्षारोपण तक
शाम 4:25 बजे BRICS देशों के नेता भारत मंडपम के हॉल नंबर 14 में ‘Bharat Innovates Exhibition’ का दौरा करेंगे। इसके बाद 5:05 बजे भारत मंडपम के लॉन में सभी नेताओं का फैमिली फोटो कार्यक्रम होगा। इसके कुछ ही मिनट बाद 5:10 बजे संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
5:45 बजे मोदी-जिनपिंग आमने-सामने
दिन के सबसे अहम कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक शामिल है। शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में दोनों नेताओं की मुलाकात प्रस्तावित है। इस बातचीत को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस पर विशेष नजर रहेगी।
रात में मेहमानों के सम्मान में गाला डिनर
दिनभर चलने वाले व्यस्त कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में रात 7:30 बजे भारत मंडपम के लेवल-3 पर गाला डिनर आयोजित किया जाएगा। इसमें BRICS देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
BRICS के चलते दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण
BRICS सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। शनिवार को सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक भारत मंडपम, लुटियंस दिल्ली और राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। ऐसे में आम वाहन चालकों को इन मार्गों पर आवाजाही के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।






