DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

जेएलएन स्टेडियम में सितारों का क्रिकेट धमाल, 28 सितंबर से शुरू होगा एईसीएल का सीजन-8

12 टीमों के बीच छह दिन चलेगा क्रिकेट का रोमांच, मनोरंजन जगत के कलाकार और प्रोफेशनल दिखाएंगे खेल का हुनर

वीना टंडन
नई दिल्ली। क्रिकेट और मनोरंजन की दुनिया का अनोखा संगम एक बार फिर दिल्ली में देखने को मिलेगा। आर्टिस्ट्स एंड एंटरटेनमेंट क्रिकेट लीग (एईसीएल) अपने आठवें सीजन के साथ धमाकेदार वापसी करने जा रही है। इस बार लीग के सभी मुकाबले राजधानी के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। छह दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट महोत्सव में देशभर से मनोरंजन और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार, परफॉर्मर और प्रोफेशनल हिस्सा लेंगे।

एईसीएल के मालिक आशीष माथुर ने सीजन-8 को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि जेएलएन स्टेडियम में मुकाबले आयोजित होना लीग के लिए बड़ी उपलब्धि है। उनके मुताबिक, क्रिकेट से बचपन से जुड़ी यादें रखने वाले मनोरंजन जगत के कई लोग अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण खेल से दूर हो जाते हैं। एईसीएल उन्हें दोबारा मैदान पर उतरने, फिट रहने और अपने जुनून से जुड़ने का मंच देता है।

12 टीमों में होगा जोरदार मुकाबला

एईसीएल सीजन-8 में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें देश के अलग-अलग हिस्सों से मनोरंजन और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार और प्रोफेशनल शामिल होंगे। लीग में हर साल बढ़ती भागीदारी के चलते इस बार मुकाबलों के और ज्यादा रोमांचक होने की उम्मीद है। आयोजकों का कहना है कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद कई चर्चित हस्तियां क्रिकेट के लिए समय निकाल रही हैं।

आशीष माथुर ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से टीमों का दिल्ली पहुंचना इस बात का संकेत है कि क्रिकेट लोगों के दिलों में किस कदर बसा हुआ है। एईसीएल का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को फिटनेस, आपसी मेलजोल और नेटवर्किंग के लिए एक साझा मंच देना भी है।

जेएलएन के बाद दुबई पर नजर

एईसीएल के आयोजकों की नजर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी है। आशीष माथुर के मुताबिक, इस बार लीग का आयोजन जेएलएन स्टेडियम में हो रहा है, जबकि भविष्य में इसे दुबई तक ले जाने की योजना है। उनका कहना है कि एईसीएल के जरिए क्रिकेट और मनोरंजन के इस अनूठे मेल का संदेश दुनिया के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंचाया जाएगा।

क्रिकेट और ग्लैमर का अनोखा संगम

छह दिनों तक जेएलएन स्टेडियम में होने वाले मुकाबले एईसीएल सीजन-8 को खास बनाने वाले हैं। मैदान पर कलाकारों का क्रिकेट कौशल, दर्शकों का उत्साह और मनोरंजन जगत के चर्चित चेहरों की मौजूदगी इस आयोजन को खेल और ग्लैमर के अनोखे संगम में बदलने की तैयारी में है। आयोजकों को उम्मीद है कि आठवां सीजन एईसीएल के अब तक के सबसे बड़े और सफल संस्करणों में शामिल होगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button