
दुनिया खत्म होने की कगार पर रणवीर सिंह, ‘प्रलय’ के कैमरे हुए ऑन
सर्वाइवल और एक्शन थ्रिलर में दिखेगा इंसानियत के अस्तित्व का संघर्ष, मुंबई में शुरू हुई शूटिंग
वीना टंडन
। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित सर्वाइवल फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग सोमवार से मुंबई में शुरू हो गई। अनन्या बिरला के बिरला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस महत्वाकांक्षी फिल्म का निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं। फिल्म को दुनिया के खत्म होने के खतरे के बीच इंसानियत के अस्तित्व की लड़ाई पर केंद्रित एक बड़े पैमाने की एक्शन थ्रिलर बताया जा रहा है।
दुनिया बदल जाएगी, सवाल सिर्फ बचने का होगा
रणवीर सिंह फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसके निर्माता भी हैं। ‘प्रलय’ की कहानी एक ऐसी दुनिया की कल्पना करती है, जहां सब कुछ खत्म होने की कगार पर पहुंच जाता है। ऐसे हालात में इंसान अपने अस्तित्व, अपनों और उन चीजों के लिए संघर्ष करता नजर आएगा, जो उसके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती हैं। फिल्म में बड़े एक्शन और विजुअल्स के साथ मानवीय भावनाओं को भी प्रमुखता दी गई है।
‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर–द रिवेंज’ के बाद ‘प्रलय’ रणवीर सिंह की अगली बड़ी फिल्म है। निर्माताओं के मुताबिक, इस फिल्म में रणवीर का किरदार शारीरिक और भावनात्मक, दोनों स्तरों पर चुनौतीपूर्ण होगा।
कल्याणी प्रियदर्शन समेत नई प्रतिभाओं का जमावड़ा
फिल्म में ‘लोका’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। उनके अलावा नई पीढ़ी के कई प्रतिभाशाली कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं। निर्माताओं ने कहानी को बड़े पैमाने पर पेश करने के साथ किरदारों की भावनात्मक यात्रा पर भी खास ध्यान दिया है।
निर्देशक जय मेहता इससे पहले हंसल मेहता के साथ ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’ का निर्देशन कर चुके हैं। ‘लुटेरे’ के लिए भी उन्हें सराहना मिली थी। ‘प्रलय’ में वह एक ऐसी दुनिया रचने की कोशिश कर रहे हैं, जहां हर पल अस्तित्व का संकट सामने खड़ा होगा।
मुंबई की सड़कों से बनेगी ‘प्रलय’ की दुनिया
फिल्म की शूटिंग मुंबई और आसपास की वास्तविक लोकेशन्स पर की जा रही है। मेकर्स का मानना है कि असली जगहों पर शूटिंग से फिल्म की दुनिया को ज्यादा वास्तविक और प्रभावशाली बनाया जा सकेगा। कई महीनों के तकनीकी और गहन प्री-प्रोडक्शन के बाद अब फिल्म के कैमरे चल पड़े हैं।
बड़े पैमाने पर तैयार हो रही ‘प्रलय’ में एक ओर जहां दुनिया के अंत का खतरा रोमांच पैदा करेगा, वहीं कहानी का केंद्र इंसान, उसकी हिम्मत और अपनों के लिए संघर्ष रहेगा। शूटिंग शुरू होते ही फिल्म को भारतीय सिनेमा की चर्चित और बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में शामिल किया जाने लगा है।





