
तिरंगे के रंग में सजा सदर बाजार, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा पूरा इलाका
तिरंगे के रंग में रंगा सदर बाजार, ‘हर घर तिरंगा-हर दुकान तिरंगा’ के नारों से गूंजा बाजार सैकड़ों व्यापारियों ने निकाला भव्य तिरंगा मार्च, देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हुआ सदर बाजार
वीना टंडन
नई दिल्ली। आजादी के पर्व से पहले सदर बाजार में देशभक्ति का ऐसा रंग देखने को मिला कि पूरा बाजार तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से प्रेरित होकर वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में भव्य तिरंगा मार्च निकाला गया। हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों व्यापारियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ मार्च में भाग लिया।
तिरंगा मार्च कुतुब रोड, तेलीवाड़ा चौक, सदर बाजार से शुरू होकर कुतुब रोड चौक और सदर बाजार मेन मार्केट से गुजरते हुए 12 टूटी चौक पर संपन्न हुआ। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के बीच निकले मार्च से पूरा बाजार राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
मार्च के दौरान ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से सदर बाजार गूंजता रहा। जगह-जगह व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने तिरंगा लहराकर तथा पुष्पवर्षा कर मार्च का स्वागत किया।
इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, एकता, अखंडता और करोड़ों भारतीयों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सदर बाजार के व्यापारियों ने जिस उत्साह से मार्च में हिस्सा लिया, वह साबित करता है कि देशभक्ति भारतीयों के जीवन और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है।
तिरंगों से सजा पूरा बाजार
तिरंगा मार्च के मद्देनजर सदर बाजार को जगह-जगह तिरंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाजार में जहां नजर जाती, वहां तिरंगे लहराते दिखाई दे रहे थे। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन (फेस्टा) के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, कन्फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव देवराज बवेजा, फेस्टा के सहसंयोजक पवन खंडेलवाल, महासचिव कमल कुमार और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी नेता शामिल हुए।
इसके अलावा दविंदर जैन, जसविंदर सिंह, वरिंदर अरोड़ा, भूपेंद्र सिंह, हरजीत सिंह छाबड़ा, वरिंदर आर्य, कुलदीप सिंह, सुनील पुरी, राजेश कुमार, संदीप खन्ना, रमेश सचदेवा, दीपक निम्भल, सचिन गगन खन्ना, तरुण सोनी और अभय सभरवाल समेत अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
भव्य तिरंगा मार्च ने सदर बाजार में राष्ट्रभक्ति, एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। व्यापारियों ने संकल्प लिया कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान और राष्ट्रहित सदैव सर्वोपरि रहेगा।






