DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

त्रिलोकपुरी में वाल्मीकि समाज के प्रधान चुनाव का ऐलान, 6 सितंबर को वोटिंग

10 से 14 अगस्त तक मिलेंगे नामांकन फॉर्म, 17 अगस्त तक पर्चे दाखिल; 21 अगस्त से शुरू होगा प्रचार

वीना टंडन
नई दिल्ली: त्रिलोकपुरी के वाल्मीकि समाज के प्रधान पद के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव प्रबंधक समिति की ओर से जारी चुनाव अधिसूचना के मुताबिक प्रधान पद के लिए 6 सितंबर 2026 (रविवार) को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतगणना पूरी होने के बाद उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा।

चुनाव कार्यक्रम समिति के चेयरमैन राजकुमार ढिल्लोर के आदेश और मार्गदर्शन में जारी किया गया है। अधिसूचना के अनुसार नामांकन फॉर्म 10 से 14 अगस्त तक शाम 7 से 9 बजे के बीच स्थान-31 ब्लॉक, वाल्मीकि मंदिर, त्रिलोकपुरी में मिलेंगे। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 10 से 17 अगस्त तक चलेगी। नाम वापस लेने की तारीख 18 अगस्त तय की गई है, जबकि 20 अगस्त को चुनाव चिह्न और वोटर लिस्ट वितरित की जाएगी।

प्रधान पद के उम्मीदवार को नामांकन के लिए 100 रुपये फॉर्म शुल्क के अलावा 11 हजार रुपये नामांकन राशि जमा करनी होगी। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह राशि वापस नहीं होगी और इसका इस्तेमाल समाज के कल्याण में किया जाएगा।
नियमों के मुताबिक उम्मीदवार का वाल्मीकि समाज से होना और त्रिलोकपुरी क्षेत्र का निवासी होना जरूरी है। उसकी उम्र कम से कम 30 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए। उम्मीदवार की समिति में सदस्यता और वोटर लिस्ट में नाम होना भी अनिवार्य है। उम्मीदवार को गंभीर मामले में दोषसिद्ध नहीं होना चाहिए।
उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए 21 अगस्त से 4 सितंबर तक का समय दिया गया है। प्रचार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा। मतदान का अधिकार समिति की ओर से तैयार मतदाता सूची के अनुसार त्रिलोकपुरी, डीडीए फ्लैट और मयूर विहार फेज-1 के वाल्मीकि समाज के पात्र मतदाताओं को होगा। प्रधान पद के प्रत्याशी के लिए दो प्रस्तावक होना भी जरूरी किया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button