DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

महिला कबड्डी को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच, एशियन कबड्डी लीग के ‘वीमेन्स चैप्टर 1’ का शुभारंभ

स्टार न्यूज टेलीविजन

नई दिल्ली, 30 जून। एशियन कबड्डी लीग ने महिलाओं के लिए समर्पित अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल प्रतियोगिता AKL – वीमेन्स चैप्टर 1’का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया है। राजधानी के संविधान क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लीग की घोषणा की गई। यह प्रतियोगिता 1 से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी और इसका प्रसारण प्राइम टाइम में Sony Pictures Networks India के माध्यम से किया जाएगा।

महिला कबड्डी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस लीग का आयोजन Amateur Kabaddi Federation of India, South East Asian Kabaddi Federation तथा झारखंड राज्य कबड्डी संघ, दिल्ली राज्य कबड्डी संघ, हिमाचल प्रदेश राज्य कबड्डी संघ, तमिलनाडु कबड्डी एसोसिएशन और मध्य प्रदेश राज्य कबड्डी संघ के सहयोग से किया जा रहा है। इस अवसर पर सहयोगी संस्थाओं और राज्य संघों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।

लीग के शुभारंभ अवसर पर विक्रम विजय चंदन ने कहा कि यह प्रतियोगिता एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला कबड्डी खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को एक पेशेवर मंच पर एक साथ लाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि सोनी के साथ प्राइम टाइम प्रसारण के जरिए महिला खिलाड़ियों को वह पहचान और सम्मान मिलेगा जिसकी वे लंबे समय से हकदार रही हैं।

वहीं, डॉ. प्रवीण शेट्टी ने कहा कि लीग की स्थापना इस विश्वास के साथ की गई है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र विशेष तक सीमित नहीं होती और प्रत्येक खिलाड़ी को समान अवसर तथा पेशेवर मंच मिलना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुमन शोकीन ने इसे महिला खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि लंबे समय से इस स्तर की प्रोफेशनल लीग का इंतजार किया जा रहा था। उनके अनुसार यह मंच न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, बल्कि देशभर की युवा लड़कियों को भी कबड्डी की ओर आकर्षित करेगा।

कार्यक्रम में मौजूद श्री नारायणन ने आयोजन से जुड़े सभी राज्य कबड्डी संघों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की महिला खिलाड़ी भारतीय खिलाड़ियों के साथ इस लीग में हिस्सा लेंगी, जिससे महिला कबड्डी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिलेगी।

महिला खिलाड़ियों को समर्पित इस अंतरराष्ट्रीय प्रोफेशनल लीग को भारतीय कबड्डी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो खेल में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने का काम करेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button