
पिकलबॉल किंगडम इंडिया ने गुरुग्राम में लॉन्च किया देश का पहला मास्टर क्लब
स्टार न्यूज टेलीविजन
गुरुग्राम, 28 जून । भारत में पिकलबॉल के तेजी से बढ़ते क्रेज के बीच पिकलबॉल किंगडम इंडिया ने गुरुग्राम में अपने फ्लैगशिप मास्टर क्लब का भव्य शुभारंभ किया। यह क्लब देश में विश्वस्तरीय इनडोर पिकलबॉल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक लॉन्च के अवसर पर पिकलबॉल किंगडम यूएसए के संस्थापक एवं सीईओ ऐस रोड्रिग्स, बिजनेस डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट जेफ डनलप और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डाल्टन रॉबिन्सन विशेष रूप से भारत पहुंचे। डाल्टन रॉबिन्सन खिलाड़ियों और कोचों के प्रशिक्षण, कौशल विकास और उच्च स्तरीय कोचिंग मानकों को स्थापित करने में सहयोग करेंगे।
गुरुग्राम स्थित इस मास्टर क्लब में आठ प्रीमियम इनडोर कोर्ट, प्रोफेशनल कोचिंग, टूर्नामेंट, लीग, कम्युनिटी इवेंट्स और कॉर्पोरेट एंगेजमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे उत्तर भारत में पिकलबॉल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
बीएक्यू विजार्ड्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापकों भानु गुलाटी, अनुज दुग्गल और कुदरत अली ने कहा कि यह पहल भारत में विश्वस्तरीय पिकलबॉल इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं, ऐस रोड्रिग्स ने कहा कि भारत में पिकलबॉल के विकास की अपार संभावनाएं हैं और गुरुग्राम मास्टर क्लब देशभर में नए क्लबों की स्थापना की शुरुआत साबित होगा।
लॉन्च समारोह में खेल प्रेमियों, कॉर्पोरेट जगत, मीडिया प्रतिनिधियों, इन्फ्लुएंसर्स और ब्रांड पार्टनर्स ने भाग लिया। पिकलबॉल किंगडम इंडिया का लक्ष्य आने वाले वर्षों में देशभर में इस खेल का विस्तार करना और खिलाड़ियों, कोचों तथा स्थानीय समुदायों के लिए नए अवसर पैदा करना है।





