
पेट्रोल-डीजल पर बड़ी राहत: एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती, कीमतें घटने की उम्मीद
वीना टंडन
नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती का फैसला लिया है। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि डीजल पर एक्साइज ड्यूटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।
तेल कंपनियों पर दबाव के बीच फैसला
यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब तेल कंपनियों को महंगे दामों पर कच्चा तेल खरीदना पड़ रहा था। हालांकि, राज्य सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले वैट (VAT) में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पहले कितनी थी ड्यूटी?
कटौती से पहले पेट्रोल पर 13 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगती थी।
कितनी सस्ती हो सकती है कीमत?
अगर तेल कंपनियां इस कटौती का पूरा फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचाती हैं, तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 10 रुपये तक की कमी आ सकती है।
बड़े शहरों में मौजूदा रेट
दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
नोएडा में पेट्रोल 94.85 रुपये और डीजल 87.98 रुपये प्रति लीटर है।
मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है।
फिलहाल यह राहत एक्साइज ड्यूटी में कटौती के रूप में दी गई है, अब नजर इस बात पर है कि तेल कंपनियां इसका फायदा आम जनता तक कब और कितना पहुंचाती हैं।


