
ऑल इंडिया कार डीलर्स एसोसिएशन की रजत जयंती धूमधाम से संपन्न, 25 वर्षों की एकता और सफलता का भव्य उत्सव
नई दिल्ली, ।देश के प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल संगठन ऑल इंडिया कार डीलर्स एसोसिएशन (AICDA) ने शनिवार, 28 फरवरी 2026 को दिल्ली के पीतमपुरा स्थित जलसा बाय कोहली टेंट्स में अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया। “एकता, शक्ति और सेवा” के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर से आए कार डीलरों, उद्योगपतियों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रज्ज्वलित दीप ने संगठन की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. एस. नायोल ने कहा कि बीते ढाई दशकों में AICDA ने न केवल कार डीलरों के अधिकारों और हितों की सशक्त पैरवी की है, बल्कि भारतीय ऑटोमोबाइल व्यापार को संगठित और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष लोकेश मुंजाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला और सभी सदस्यों से एकजुट रहकर उद्योग को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया जब स्वतंत्रता, प्रगति और नई उड़ान के प्रतीक स्वरूप उपस्थित सदस्यों ने खुले आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। आसमान में लहराते गुब्बारों ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता के संकल्प को साकार रूप में प्रस्तुत किया।
इस विशेष अवसर पर संस्था के वरिष्ठ एवं समर्पित सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही मीडिया जगत के प्रतिनिधियों को भी रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में सम्मान प्रदान किया गया। इसी क्रम में टोटल ख़बरें के वरिष्ठ पत्रकार राजेश खन्ना को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक भोज के साथ इस ऐतिहासिक समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष जे. एस. नायोल ने उपस्थित सभी अतिथियों, सदस्यों और पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की निरंतर प्रगति और एकता का संकल्प दोहराया।
रजत जयंती का यह उत्सव न केवल AICDA की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि आने वाले स्वर्णिम भविष्य की ओर बढ़ते मजबूत कदमों का भी प्रतीक बन गया।



