
लाल किले में शुरू हुआ 6-दिवसीय ‘भारत पर्व 2026’, देश की संस्कृति और खान-पान का अनोखा संगम
वीना टंडन
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में 6-दिवसीय “भारत पर्व 2026” का भव्य शुभारंभ हो गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुरू हुए इस महोत्सव में देश की विविध संस्कृति, कला और खान-पान को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया।
इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से लोगों को देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल देश में पर्यटन क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
गणतंत्र दिवस परेड में यदि कोई व्यक्ति विभिन्न राज्यों की झांकियां नहीं देख पाया, तो भारत पर्व उसके लिए एक शानदार अवसर है। महोत्सव में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न मंत्रालयों की कुल 30 झांकियां प्रदर्शित की जा रही हैं, जो देश की संस्कृति, शौर्य और विकास को दर्शाती हैं। साथ ही भारत पर्व में 20 से अधिक मंत्रालयों के स्टॉल्स और 30 से अधिक राज्यों के विशेष पैविलियन लगाए गए हैं, जहां लोग हर क्षेत्र की सांस्कृतिक विविधता को नज़दीक से देख और समझ सकते हैं।
खान-पान प्रेमियों के लिए भी भारत पर्व खास आकर्षण का केंद्र है। महोत्सव में बनाए गए विशाल फूड कोर्ट में भारत भर के व्यंजनों के 60 स्टॉल्स और लाइव कुकिंग डेमोस्ट्रेशन शामिल हैं। इसके अलावा हस्तशिल्प और हथकरघा के कई स्टॉल्स भी लगाए गए हैं।
भारत पर्व में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बैंडों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मंडलियों, उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, संगीत नाटक अकादमी और लोकप्रिय कलाकारों द्वारा 40 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
यह महोत्सव 26 जनवरी से 31 जनवरी तक, दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक जनता के लिए नि:शुल्क खुला रहेगा। इस वर्ष का भारत पर्व विशेष रूप से इसलिए भी यादगार है, क्योंकि इसे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।