
शिकोहाबाद में युवती की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में गुड़गांव में नौकरी करने वाली युवती की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी नितिन उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया है। युवती रक्षाबंधन की छुट्टी पर घर लौट रही थी और शिकोहाबाद में अपनी सहेली के घर रुकी थी। इसी दौरान उसकी मौत हो गई थी।
परिजनों ने पड़ोसी गांव के युवक नितिन यादव और उसकी सहेली पर युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन और यौन उत्तेजक दवा की गोलियां बरामद होने का दावा किया है।
पूछताछ में अभिषेक का नाम सामने आया
पुलिस की पूछताछ में अभिषेक नाम के व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं मृतका की सहेली भूमिका की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






