
पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हंगामा, चाकू लेकर पहुंचे युवकों पर हमले की कोशिश का आरोप
सनातन धर्म को लेकर बहस के बाद बढ़ा विवाद, सुरक्षाकर्मियों ने दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
वीना टंडन
नई दिल्ली। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की दिल्ली स्थित आवास पर चल रही प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब दो युवकों को लेकर विवाद शुरू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, दोनों युवकों ने पप्पू यादव पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाया, जिसके बाद तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्कामुक्की होने लगी।
चाकू होने का दावा, पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना के दौरान एक युवक के पास चाकू होने का दावा किया गया है। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। संदिग्ध के पास मिले चाकू की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर एक युवक ने कथित तौर पर चप्पल निकालकर पप्पू यादव की ओर फेंकने की कोशिश की। इसके बाद समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। दोनों वहां से निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
पप्पू यादव बोले—‘मेरी हत्या की साजिश थी’
घटना के बाद पप्पू यादव ने इसे जानलेवा हमले की कोशिश बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आरोपी उन्हें मारने की नीयत से आए थे और उनके हाथ में चाकू था।
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी हत्या की साजिश थी, लेकिन वह बच गए।
हालांकि, पप्पू यादव द्वारा लगाए गए इन आरोपों और हमले की मंशा की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।





