
पुरानी दिल्ली की बदलेगी तस्वीर
विरासत बचाते हुए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं - टाउन हॉल, जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र का भी होगा कायाकल्प
–
वीना टंडन
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (आईवीपीएन) के माध्यम से पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य पुरानी दिल्ली की पुरानी शान लौटाना, लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और इस ऐतिहासिक क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, प्रबंध निदेशक संदीप कुमार तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पुरानी दिल्ली के समग्र पुनर्विकास, विरासत संरक्षण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में ऐतिहासिक चांदनी चौक के पुनर्विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार का विकास उसकी ऐतिहासिक पहचान, पारंपरिक स्वरूप और सांस्कृतिक गरिमा को सुरक्षित रखते हुए किया जाए। उन्होंने प्रतिदिन आने वाले लाखों लोगों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, बेहतर नागरिक सुविधाएं और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक टाउन हॉल के पुनर्विकास की समीक्षा करते हुए चांदनी चौक की ओर से नया प्रवेश एवं निकास द्वार विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि यह इमारत प्रमुख विरासत एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक का विकास स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, पर्यटकों, खरीदारों और क्षेत्रीय निवासियों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि चांदनी चौक और आसपास के विरासत क्षेत्रों के पुनर्विकास में इतिहासकारों, विरासत विशेषज्ञों और वास्तु विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि क्षेत्र की मूल ऐतिहासिक और स्थापत्य पहचान बनी रहे। साथ ही स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए विरासत संरक्षण और व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखा जाएगा।
पर्यटकों की सुविधा के लिए बाजार में एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जहां देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को जानकारी, मार्गदर्शन और त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यमुना बाजार स्थित हनुमान मंदिर और उसके पीछे के क्षेत्र, जामा मस्जिद परिसर तथा पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग के व्यापक पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पुरानी दिल्ली का विकास केवल आधारभूत ढांचे तक सीमित न रहे, बल्कि विरासत संरक्षण, पर्यटन, व्यापार, नागरिक सुविधाओं, ट्रैफिक प्रबंधन, ठोस कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाए। इसी उद्देश्य से इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम आधुनिक शहरी विकास और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का कार्य एक साथ करेगा।






