DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय दल को भव्य विदाई, आधिकारिक किट का हुआ अनावरण

स्टार न्यूज टेलिविजन

नई दिल्ली आज भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए रवाना हो रहे भारतीय दल को भव्य विदाई दी। इस अवसर पर ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले खेलों के लिए टीम इंडिया की आधिकारिक सेरेमोनियल और प्रतियोगिता किट का भी अनावरण किया गया।

विदाई समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, आईओए अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा, भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरून, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव, शेफ-दे-मिशन रोहित राजपाल, डिप्टी शेफ-दे-मिशन रवि बेंगानी सहित खिलाड़ी, कोच और विभिन्न कॉरपोरेट साझेदार मौजूद रहे।

डॉ. मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार कर रहा है और सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं आईओए अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा ने कहा कि भारत की जर्सी पहनने वाला हर खिलाड़ी वर्षों की मेहनत और अनुशासन का प्रतीक है तथा वह एक अरब भारतीयों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करेगा।

ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून ने कहा कि ग्लासगो में होने वाले खेल राष्ट्रमंडल की एकता और विविधता का उत्सव होंगे तथा भारत और ब्रिटेन के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करेंगे।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने नई आधिकारिक किट पहनकर रैंप वॉक किया। प्रसिद्ध डिजाइनर आक़िब वानी द्वारा डिज़ाइन और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स द्वारा विकसित इस किट की थीम इनविजिबल ट्रैजेक्ट्रीज़ है, जो खिलाड़ियों की गति, लय और प्रदर्शन से प्रेरित है। जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा कि रुकना नहीं है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारतीय खेलों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है।

भारत का 124 सदस्यीय दल इस बार 10 खेलों में चुनौती पेश करेगा, जिसमें एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो, जिम्नास्टिक, साइक्लिंग, लॉन बॉल्स और तैराकी के साथ विभिन्न पैरा स्पर्धाएं भी शामिल हैं। टीम का नेतृत्व शेफ-दे-मिशन रोहित राजपाल करेंगे, जबकि रवि बेंगानी डिप्टी शेफ-दे-मिशन की भूमिका निभाएंगे।

भारतीय ओलंपिक संघ ने टीम इंडिया को सहयोग देने वाले प्रमुख प्रायोजकों—रिलायंस फाउंडेशन स्पोर्ट्स, यस बैंक, जेएसडब्ल्यू इंस्पायर, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), अदाणी स्पोर्ट्सलाइन और एसोसिएट प्रायोजक अमूल—का भी आभार व्यक्त किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button