
नोएडा में मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, गाड़ियों में आगजनी और पथराव से हालात तनावपूर्ण
वीना टंडन
नोएडा/एनसीआर, । सोमवार को नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन उग्र हो गया, जब सेक्टर-84 में प्रदर्शनकारियों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। अचानक भड़की हिंसा के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-60 में भी कर्मचारियों ने सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और सुबह ऑफिस जाने वाले लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बढ़ा दी है। हर संवेदनशील इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल, रैपिड रिस्पॉन्स टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार को ही जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक हुई थी, जिसमें मजदूरों को उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद सोमवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मुख्य मांगों में वेतन वृद्धि प्रमुख है। उनका कहना है कि मौजूदा वेतन 13 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए। इसके अलावा ओवरटाइम का उचित भुगतान और छुट्टियों के लिए स्पष्ट नीति लागू करने की मांग भी उठाई जा रही है।
यह प्रदर्शन अब केवल नोएडा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों तक फैल गया है। फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित सराय ख्वाजा इलाके में एक निजी कंपनी के 500 से अधिक कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। वहीं पलवल के पृथला क्षेत्र में साई ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने आगरा हाईवे को जाम कर दिया, जिससे वहां भी लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

