
पश्चिम एशिया संकट पर संसद में सरकार का बयान आज, विपक्ष ने घेरा
वीना टंडन
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर केंद्र सरकार सतर्क नजर आ रही है। सरकार ने अपने मंत्रियों और पार्टी नेताओं को इस संवेदनशील मुद्दे पर बयान देते समय संयम बरतने की सलाह दी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर सोमवार को संसद में इस पूरे मुद्दे पर भारत का आधिकारिक रुख पेश करेंगे।
जानकारी के अनुसार जयशंकर सुबह 11 बजे राज्यसभा और दोपहर 12 बजे लोकसभा में बयान देंगे। इससे पहले भी वे कई बार कह चुके हैं कि सभी देशों को एक-दूसरे की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए और मौजूदा संकट का समाधान बातचीत के माध्यम से ही निकाला जाना चाहिए।
मानवीय दृष्टिकोण और रणनीतिक हित
भारत ने इस मामले में मानवीय पहलू को भी ध्यान में रखा है। इसी के तहत ईरान के युद्धपोत आईआरआईएस लवन को कोच्चि बंदरगाह पर डॉक करने की अनुमति दी गई है। सरकार का सावधानीपूर्ण रुख इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत अपनी तेल जरूरतों के लिए खाड़ी क्षेत्र पर काफी हद तक निर्भर है। इसके अलावा खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रोजगार करते हैं।
अर्थव्यवस्था पर असर की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का सीधा असर भारत की अर्थव्यवस्था और महंगाई पर पड़ सकता है। इसी वजह से केंद्र सरकार इस मुद्दे पर संतुलित और सावधानीपूर्ण नीति अपनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि विपक्ष सरकार से इस मामले में अधिक स्पष्ट रुख अपनाने की मांग कर रहा है।
कांग्रेस की संसदीय रणनीति
कांग्रेस ने संसद में इस मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाने की तैयारी की है। पार्टी की संसदीय रणनीति समूह की बैठक 10 जनपथ में हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक के बाद कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने कहा कि पार्टी पश्चिम एशिया संकट, भारत की ऊर्जा जरूरतों पर उसके प्रभाव, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और देश की आर्थिक चुनौतियों जैसे मुद्दे संसद में उठाएगी।
अन्य मुद्दों पर भी सरकार से जवाब तलब
कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि संसद में जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसके अलावा ग्रेट निकोबार द्वीप से जुड़े राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश, बेरोजगारी और डॉलर के मुकाबले रुपए की गिरावट जैसे विषयों पर भी सरकार को घेरा जाएगा।
खड़गे का मोदी और ट्रंप पर निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पश्चिम एशिया संकट और रूसी तेल आपूर्ति के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। कर्नाटक के चित्तपुर में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तानाशाह बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके दबाव में काम कर रहे हैं।
संसद के मौजूदा सत्र में पश्चिम एशिया संकट और उससे जुड़े आर्थिक व रणनीतिक मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
