
इंडिया गेट से विजय चौक तक ‘शक्ति वॉक’, महिला सशक्तिकरण का संदेश
वीना टंडन
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी में इंडिया गेट से विजय चौक तक ‘शक्ति वॉक’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की। वॉक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर नारी शक्ति और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री बाई ठक्कर, केंद्रीय मंत्रीअनूप्रिया पटेल और विजया रहाटकर भी मौजूद रहीं। सभी ने महिलाओं के साथ पैदल मार्च कर महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत की नारी शक्ति आज हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता और शासन जैसे क्षेत्रों में महिलाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई पहल की गई हैं, जिससे उन्हें नए अवसर मिले हैं और वे आत्मविश्वास के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभा रही हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की शक्ति, उपलब्धियों और उनके योगदान का उत्सव है। उन्होंने बताया कि शक्ति वॉक का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना, उन्हें प्रेरित करना और समाज में यह विश्वास मजबूत करना है कि जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है तो देश की प्रगति को भी नई गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि सेना, पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं, खेल जगत और प्रशासन से लेकर सामाजिक कार्यों तक हर क्षेत्र में भारतीय महिलाएं नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, जो विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं।



