NewsDelhiताज़ा तरीन खबरें

बवाना जेजे कॉलोनी में दुकानों पर हमला, हत्या का बदला लेने की आशंका

वीना टंडन
नई दिल्ली। बवाना जेजे कॉलोनी के मेन झंडा चौक पर मंगलवार देर रात 10 से 15 युवकों ने कई ठेलों और दुकानों पर हमला कर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने दुकानदारों को जान से मारने की धमकी दी। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में बवाना जेजे कॉलोनी में हुई एक हत्या के बदले की नीयत से आरोपियों ने हत्यारोपी के रिश्तेदारों की दुकानों को निशाना बनाया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पीड़िता सीमा ने बताया कि वह झंडा चौक पर ठेले पर पकौड़े बेचती है और रमजान के दौरान सेवई, खजूर व अन्य सामान भी रखती है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे वह ठेला समेटकर घर चली गई थी। रात करीब 11 बजे 10-15 लड़के कुल्हाड़ी और चाकू लेकर आए और उसके सामान पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह पति का हाथ पकड़कर घर लौट गई और पुलिस को सूचना दी। सीमा ने बताया कि वह हमलावरों में से तीन को पहचानती है और उनके नाम पुलिस को बताए हैं।
चाय विक्रेता प्रवीण ने बताया कि पहले हुई हत्या में उसका भतीजा आरोपी था, लेकिन उसका खुद से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद आरोपियों ने बदले की भावना से उसकी दुकान पर हमला किया। तिरपाल को चाकू से फाड़ दिया, काउंटर पलट दिया और उसे भी चाकू मारने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
दुकानदार शमशेर ने बताया कि वह देर रात दुकान बंद कर घर चला गया था। बाद में पता चला कि असामाजिक तत्वों ने उसकी दुकान पर रखा सामान फेंक दिया और तोड़फोड़ कर दी। उसने रमजान में बिक्री के लिए ब्याज पर 50 हजार रुपये उधार लेकर सामान खरीदा था, जो पूरी तरह बर्बाद हो गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button