
आगरा ताज महोत्सव की तैयारियों पर उठे सवाल कलाकारों के चयन में देरी से प्रचार भी अटका
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
आगरा शिल्प, संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों के उत्सव के रूप में देश-विदेश में पहचान बना चुका ताज महोत्सव शुरु होने में अब लगभग एक माह का समय शेष है, लेकिन तैयारियों की रफ्तार फिलहाल धीमी नजर आ रही है। महोत्सव के लिए अब तक प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के नाम तय नहीं हो सके हैं, जिससे आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ताज महोत्सव की सबसे बड़ी पहचान नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां मानी जाती हैं, जिनके चलते हर साल बड़ी संख्या में दर्शक महोत्सव स्थल तक पहुंचते हैं। कलाकारों का चयन न होने के कारण न तो आधिकारिक प्रचार-प्रसार शुरु हो पाया है और न ही आमजन में उत्साह दिखाई दे रहा है। ऐसे में आयोजन समिति और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार ताज महोत्सव का आयोजन नए स्थल पर किया जाएगा। वर्ष 1992 से शिल्पग्राम में आयोजित होते आ रहे महोत्सव को वहां यूनिटी मॉल के निर्माण और सीमित स्थान की वजह से स्थानांतरित किया गया है। पहले ‘आई लव आगरा’ सेल्फी प्वाइंट के पास निजी भूमि पर आयोजन की योजना बनी थी, लेकिन तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों के चलते अब फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्रुप की भूमि को अंतिम रूप दिया गया है। इस नए आयोजन स्थल को लेकर दावा किया जा रहा है कि फतेहाबाद रोड और ताजनगरी फेज-टू की कनेक्टिविटी के चलते यातायात व्यवस्था बेहतर रहेगी और जाम की समस्या कम होगी। हालांकि फतेहाबाद रोड, माल रोड और पुरानी मंडी से जुड़े मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य फिलहाल दर्शकों की पहुंच में बाधा बन सकते हैं।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि जल्द ही कलाकारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा और इसके साथ ही ताज महोत्सव के प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आयोजन स्थल पर 26 जनवरी से तैयारियों का कार्य शुरु करा दिया जाएगा





