
भगवा है अपनी पहचान’
संघ शताब्दी पर आधारित फिल्म ‘शतक’ का शक्तिशाली एंथम मोहन भागवत ने किया लॉन्च
वीना टंडन
नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ का पहला गीत ‘भगवा है अपनी पहचान’ रविवार को दिल्ली के केशव कुंज में आयोजित विशेष समारोह में भव्य रूप से लॉन्च किया गया। इस अवसर पर संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने गीत का औपचारिक लोकार्पण किया।
फिल्म ‘शतक’ की यह पहल संघ की अब तक अनकही कहानियों को आम जनता तक पहुँचाने का प्रयास है। ‘भगवा है अपनी पहचान’ केवल एक गीत नहीं है, बल्कि भारत की सभ्यतागत चेतना और राष्ट्रभक्ति का सशक्त उद्घोष है। गीत में भगवा रंग को त्याग, तपस्या, अनुशासन और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक बताया गया है। यह गीत संघ के मूल्यों, सेवा भाव और सामूहिक चेतना को दर्शाते हुए समाज को एकजुट होकर राष्ट्रहित में आगे बढ़ने का संदेश देता है।
गीत को देशभक्ति और जोश से भरपूर स्वर में प्रस्तुत किया है मशहूर गायक सुखविंदर सिंह ने। उनके गहन और ऊर्जावान स्वर ने गीत को भावनात्मक और राष्ट्रवादी आयाम प्रदान किया। संगीतकार सनी इंदर की सशक्त धुन और गीतकार राकेश कुमार पाल के ओजपूर्ण शब्दों ने इसे और प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर मोहन भागवत ने कहा,
“डॉ. हेडगेवार का जीवन ही आरएसएस की आत्मा है—भारत सर्वोपरि। फिल्म ‘शतक’ और इसका गीत ‘भगवा है अपनी पहचान’ उनके अडिग राष्ट्रभक्ति और आंतरिक शक्ति को दर्शाते हैं। संघ बदल नहीं रहा, बल्कि अपने मूल्यों के साथ निरंतर विकसित हो रहा है। यह फिल्म संघ की अनकही कहानियों को सामने लाती है और डॉ. हेडगेवार की उस क्षमता को दिखाती है, जिससे वे लोगों को जोड़ते थे और जीवन की चुनौतियों का समभाव से सामना करते थे। पूरी टीम को मेरी शुभकामनाएँ।”
गायक सुखविंदर सिंह ने कहा,
“मेरे गीत ‘भगवा है अपनी पहचान’ को मोहन भागवत द्वारा लॉन्च किया जाना मेरे लिए गर्व और आशीर्वाद की बात है। इतिहास को संजोकर रखना जरूरी है। यह गीत मेरे लिए सिर्फ पेशेवर काम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा है। मैंने इसे पूरे दिल से गाया है और आशा करता हूँ कि यह हर भारतीय के दिल को छूएगा। यह गीत हिंदुस्तान की सच्ची आत्मा को दर्शाता है।”
फिल्म ‘शतक’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 1925 में नागपुर में स्थापना से लेकर आज तक की 100 वर्षों की यात्रा को दर्शाती है। इसमें संघ के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
यह फिल्म अनिल डी. अग्रवाल की परिकल्पना है, निर्देशन आशीष मॉल का है और निर्माण वीर कपूर ने किया है। सह-निर्माता आशीष तिवारी हैं। फिल्म को ADA 360 Degree LLP प्रस्तुत कर रही है और यह शीघ्र ही दर्शकों के सामने आने वाली है।


