
दिल्ली टैलेंट हंट योजना लॉन्च, 25 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगा हुनर दिखाने का मौका
वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी के युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के लिए दिल्ली सरकार ने बुधवार को “दिल्ली टैलेंट हंट” योजना की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अपार प्रतिभा मौजूद है और इस योजना का उद्देश्य युवाओं की छिपी कला को पहचान देना, उसे निखारना और आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत राजधानी की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से की जाएगी, जिसमें 25 हजार से अधिक युवा भाग लेंगे।
योजना के तहत गायन, नृत्य, थिएटर, फाइन आर्ट, डिजिटल आर्ट, वाद्य संगीत और म्यूजिक कंपोजिशन जैसी विधाओं में प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार युवाओं को नई पहचान दिलाने और उनके सपनों को उड़ान देने की दिशा में काम कर रही है।
मंत्री Kapil Mishra ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में प्रतिभा खोज योजना की घोषणा की थी, जिसे अब लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के युवाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है और अब सरकार उन्हें एक मजबूत मंच उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान खासतौर पर झुग्गी-झोपड़ियों, गलियों और कॉलोनियों में रहने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। सरकार इन युवाओं को हर स्तर पर सहयोग देगी ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकें।




