
दिल्ली के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सिखाए सदन में पेश होने के गुण
नई दिल्ली ।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को दिल्ली के नवनिर्वाचित विधायकों के दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का दिल्ली विधानसभा में शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यक्रम को दिल्ली को ‘मिनी इंडिया’ के रूप में देखते हुए उन्होंने कहा कि विधायकों के विचार और विजन राजधानी के लोगों के सामाजिक कल्याण के बारे में होने चाहिए।
बिरला ने कहा कि आप सभी को दिल्ली की जनता ने बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। हमें जनता की जरूरतों को पूरा करने पर ध्यान देना है, चाहे वह स्वास्थ्य के मामले में हो या किसी और मामले में। विधानसभा में आपकी चर्चा लोकतांत्रिक मर्यादाओं को पूरा करने के लिए देश में एक संदेश देने के लिए होनी चाहिए। आपके विचार और विजन सामाजिक कल्याण के बारे में होने चाहिए। दिल्ली की जनता ने आपको विश्वास के साथ यहां भेजा है। उन्होंने आगे कहा कि जिस भवन में वे बैठे हैं, उसने स्वतंत्रता के संघर्षों को देखा है।
उन्होंने कहा कि आपको बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। यह भवन हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के महान विचारों की अभिव्यक्ति का घर रहा है। हमने न केवल स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की भी शुरुआत की। दिल्ली सभी राज्यों की विविधता का प्रतीक है। दिल्ली को एक मिनी इंडिया के रूप में देखा जाता है।
लोकसभा अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह समझना हमारी जिम्मेदारी है कि लोगों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को कैसे पूरा किया जाए। दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही, यहां होने वाली चर्चाएं और संवाद लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने वाले होने चाहिए और देश के बाकी हिस्सों को एक नया संदेश देने वाली होनी चाहिए।