NewsDelhiTrendingताज़ा तरीन खबरें

तीन साल की तलाश के बाद ईडी के शिकंजे में महादेव सट्टेबाजी सिंडिकेट का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर

ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया, रायपुर की विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक ईडी हिरासत में भेजा

वीना टंडन
नई दिल्ली। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 13 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। करीब तीन साल से उसकी तलाश कर रही जांच एजेंसी को बड़ी कामयाबी मिली है। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाए गए चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 19 नवंबर तक सात दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का संचालन दुबई से किया जा रहा था। इस सिंडिकेट के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चलने और हर महीने करीब 450 करोड़ रुपये की कमाई होने का अनुमान है। चंद्राकर इस मामले में भारत लाया गया सिंडिकेट का पहला प्रमुख प्रमोटर बताया जा रहा है।

ईडी की जांच में अब तक करीब 2,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त या फ्रीज की जा चुकी हैं, जबकि लगभग 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। जांच के दायरे में चंद्राकर की दुबई में हुई करीब 200 करोड़ रुपये की भव्य शादी भी रही है।

अब ईडी उससे ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े डिजिटल सबूतों, विदेशी कंपनियों के नेटवर्क, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और हवाला के जरिए रकम के कथित हस्तांतरण को लेकर पूछताछ करेगी। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम किन-किन देशों और कंपनियों के माध्यम से ठिकाने लगाई गई।

चंद्राकर की गिरफ्तारी को महादेव सट्टेबाजी सिंडिकेट के खिलाफ जांच में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब जांच एजेंसी की नजर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य प्रमोटरों, सहयोगियों और वित्तीय लेनदेन के पूरे तंत्र पर है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button