DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

त्योहारों से पहले दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 322 किलो से ज्यादा घी जब्त

कहीं 60% छूट तो कहीं ‘एक के साथ एक मुफ्त’ का ऑफर, विकासपुरी और हस्तसाल के स्टोर जांच के घेरे में; मिठाई, बिस्कुट, मखाना और हल्दी के नमूने भी लिए

वीना टंडन
नई दिल्ली। दिवाली समेत त्योहारों के सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर 60 प्रतिशत तक छूट और ‘एक के साथ एक मुफ्त’ जैसे ऑफर का प्रचार करने वाले स्टोरों पर छापेमारी के दौरान 322 किलो से अधिक घी जब्त किया गया। इसके अलावा मिठाई, बिस्कुट, मखाना और हल्दी पाउडर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

विकासपुरी और हस्तसाल में बड़ी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकासपुरी स्थित मैक्सकार्ट स्टोर और अग्रवाल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न ब्रांड के घी के पांच प्रवर्तन नमूने और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान यहां से 75.53 लीटर घी जब्त किया गया।

इसके बाद टीम ने हस्तसाल गांव स्थित अग्रवाल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के तीन प्रवर्तन नमूने एकत्र किए गए। स्टोर से 246 किलोग्राम घी जब्त किया गया। विभाग की दोनों कार्रवाइयों में कुल 322 किलोग्राम से अधिक घी जब्त हुआ। हालांकि, घी में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

मिठाइयों की लेबलिंग पर भी नजर

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आजाद मार्केट की लाइब्रेरी रोड स्थित साहिब संस नामक प्रतिष्ठान से चीनी से बनी मिठाई के दो नमूने लिए। यह प्रतिष्ठान ‘वीकोन इंटरनेशनल’ के व्यापारिक नाम से संचालित होता है। उत्पादों पर गलत लेबलिंग की आशंका के चलते नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

इसके अलावा लाजपत नगर स्थित जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर के नमूने एकत्र किए गए। रिठाला स्थित युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से दो प्रकार के बिस्कुट, सॉफ्ट कैंडी और चीनी से बनी कैंडी के नमूने भी लिए गए। विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन से जुड़ी कमियां सामने आई हैं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री, एक्सपायरी सामान और गलत लेबलिंग जैसी अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

विभाग के मुताबिक, जब्त किए गए घी और एकत्र किए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट तथा निरीक्षण में दर्ज कमियों की समीक्षा के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्राहकों को भी सतर्क रहने की सलाह

खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय ग्राहकों को केवल भारी छूट या आकर्षक ऑफर देखकर सामान नहीं खरीदना चाहिए। पैकेट की सील, लेबल, निर्माण तिथि, अंतिम उपयोग की तारीख और उत्पाद से संबंधित जानकारी की जांच करना जरूरी है। त्योहारों में मिठाई, घी और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता से समझौता करने से बचें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button