Newsउत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

आत्मनिर्भरता की ओर कदम: श्री नारायण दिव्यांग सेवा समिति के 12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन

स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित श्री नारायण दिव्यांग सेवा समिति का 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। एसबीआई आरसेटी (RSETI) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 35 दिव्यांग बहनों को विभिन्न कुटीर उद्योगों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

स्वरोजगार से बदलेगी दिव्यांगों की तकदीर

समापन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. राधेश्याम कुशवाह ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बहनों को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास सराहनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से दिव्यांगजन अपने हुनर के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत होकर सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं।

डॉ. कुशवाह ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में समिति के सहयोग से एक भव्य प्रशिक्षण कैंप आयोजित कराने का आश्वासन भी दिया।

परीक्षा के बाद वितरित किए गए प्रमाण पत्र

शिविर के अंतिम दिन आरसेटी के संकाय सदस्य राहुल और दिव्यांग प्रशिक्षक पूनम पांडे ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बहनों की व्यावहारिक परीक्षा ली। प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की गुणवत्ता देखकर परीक्षकों ने संस्था के प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं आरसेटी के निदेशक आनंद मोहन सिंह तथा संरक्षक अभय कुलश्रेष्ठ ने प्रशिक्षण पूरा करने वाली सभी 35 दिव्यांग बहनों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मोमबत्ती, अगरबत्ती, साबुन और मूर्तियां बनाने का सीखा हुनर

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली दिव्यांग बहनों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए प्रशिक्षक आशीष का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 12 दिनों के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मोमबत्ती, अगरबत्ती, समरानी कप, गाय के गोबर से छोटी-बड़ी कलात्मक मूर्तियां, दीपक, हार्पिक तथा कपड़े धोने का साबुन बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

बहनों ने कहा कि इन हुनरों के माध्यम से वे अपने घर से ही छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगी।

हर महीने आयोजित होंगे प्रशिक्षण शिविर: दिलीप कुमार

समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना है।

 

उन्होंने कहा कि समिति की ओर से अब हर महीने इसी प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बना सकें।

ये रहे उपस्थित समापन समारोह में समिति के प्रदेश सचिव दिनेश सिंह राठौर, प्रदेश महासचिव विनोद कुमार राठौर, महिला मोर्चा सचिव यमशी सहित संस्था के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 35 दिव्यांग बहनें मौजूद रहीं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button