
वीना टंडन
नई दिल्ली । राजधानी में लगाए गए होर्डिंग्स के जरिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लिया गया है। इन होर्डिंग्स में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं के पुराने बयान भी प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए हैं।
एक होर्डिंग में उदयनिधि स्टालिन के नाम से कांग्रेस पर आरोप लगाया गया है कि वह दो दशक से अधिक समय तक सहयोगी दलों के सहारे आगे बढ़ती रही, लेकिन बाद में उन्हीं सहयोगियों के साथ विश्वासघात किया। पोस्टर में कांग्रेस पर डीएमके की “पीठ में छुरा घोंपने” का आरोप लगाया गया है।
वहीं एक अन्य होर्डिंग में शरद पवार के उस पुराने बयान का उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी में निरंतरता (कंसिस्टेंसी) की कमी होने की बात कही थी।
ममता और केजरीवाल के बयान भी शामिल
होर्डिंग्स में ममता बनर्जी का वह चर्चित बयान भी प्रदर्शित किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि कांग्रेस विपक्षी गठबंधन को प्रभावी ढंग से नहीं चला सकती, तो वह इसकी जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं।
इसी प्रकार अरविंद केजरीवाल के एक पुराने बयान को भी प्रमुखता से जगह दी गई है। पोस्टर में लिखा गया है, “लोग कहते हैं कि हम कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं। भला मैं कांग्रेस को क्या कमजोर करूंगा? राहुल गांधी खुद ही अकेले इस काम को बहुत अच्छे से कर रहे हैं।”
इसके अलावा होर्डिंग्स में विभिन्न राज्यों के विपक्षी नेताओं के कांग्रेस और राहुल गांधी पर दिए गए पुराने बयानों को भी शामिल किया गया है। राजनीतिक हलकों में इन होर्डिंग्स को विपक्षी एकता और कांग्रेस नेतृत्व को लेकर नए सिरे से छिड़ी बहस से जोड़कर देखा जा रहा है।






