
दिल्ली में धार्मिक स्थलों के आसपास मांस व शराब की दुकानों पर रोक की मांग
वीना टंडन
नई दिल्ली। भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज कुमार जैन ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार से अपील की है कि राजधानी के मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च और अन्य उपासना स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मांस और मदिरा की दुकानों पर रोक लगाई जाए।
मनोज कुमार जैन ने कहा कि दिल्ली विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों का संगम है, और यहाँ प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। पवित्र स्थलों के आसपास मांस और शराब की दुकानें धार्मिक भावनाओं को आहत कर रही हैं। साथ ही इन दुकानों से निकलने वाली गंदगी और दुर्गंध आसपास के वातावरण को भी प्रभावित कर रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया कि ऐसे दुकानों को बंद करने और भविष्य में इनके संचालन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएँ। जैन ने विश्वास जताया कि इस कदम से धार्मिक स्थलों की पवित्रता और गरिमा बनी रहेगी और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होगी।


