
नकवी ने ईरानी दूतावास जाकर अयातुल्ला खामेनेई को दी श्रद्धांजलि
वीना टंडन
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। नकवी ने कहा, “अमन-इंसानियत की हिफाजत के लिए जरूरी है कि संकट के समुद्र से अमन का अमृत निकले, यही प्रार्थना है।”
नकवी ने कहा कि ईरान और खाड़ी देशों में लाखों भारतीय रहते हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी देशों की संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए। उल्लेखनीय है कि गत 28 फरवरी को अमेरिका और इज़राइल के हवाई हमले में खामेनेई मारे गए थे।
नकवी कब और कहां पहुंचे
मुख्तार अब्बास नकवी सोमवार दोपहर ईरानी दूतावास पहुंचे। उन्होंने कंडोलेंस बुक में संदेश लिखकर खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की और ईरान में हुए नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने ईरानी जनता के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
ईरानी दूतावास की प्रतिक्रिया
ईरानी दूतावास ने नकवी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दूतावास के अधिकारियों ने भारत सरकार और भाजपा के प्रति आभार जताया और कहा कि भारत का यह संवेदनशील रुख दोनों देशों के बीच दोस्ती को और मजबूत करेगा।



