
ऑस्ट्रेलिया में गूंजेगा बॉलीवुड का जलवा, ‘हे बेबी 2’ समेत तीन फिल्मों की शूटिंग
न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स पहुंचे साजिद नाडियाडवाला के दफ्तर, भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच फिल्म सहयोग को मिली नई रफ्तार
वीना टंडन
नई दिल्ली 3 सितंबर। बॉलीवुड और ऑस्ट्रेलिया के बीच फिल्म निर्माण को लेकर रिश्ते अब नई ऊंचाई पर पहुंचने वाले हैं। न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने गुरुवार को मुंबई स्थित नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने अपनी आने वाली तीन फिल्मों की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में करने की घोषणा की। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा 2007 की लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म ‘हे बेबी’ के सीक्वल ‘हे बेबी 2’ को लेकर है।
खास बात यह है कि मूल फिल्म ‘हे बेबी’ की शूटिंग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में हुआ था। ऐसे में सीक्वल के लिए भी ऑस्ट्रेलिया को शूटिंग लोकेशन बनाना करीब दो दशक पुराने रिश्ते को आगे बढ़ाने जैसा है। तीन फिल्मों की यह साझेदारी सिडनी स्थित टेंपल (TEMPLE) के साथ मिलकर आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रीमियर ने देखा नाडियाडवाला का फिल्मी संसार
क्रिस मिन्स 31 अगस्त से 3 सितंबर तक भारत दौरे पर रहे। इसी दौरान उन्होंने मुंबई में नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के कार्यालय पहुंचकर कंपनी की टीम से मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फिल्म निर्माण में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसी अवसर पर तीन फिल्मों की ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग का ऐलान किया गया।
साजिद नाडियाडवाला ने ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग के अनुभव को शानदार बताते हुए कहा कि देश की खूबसूरत लोकेशंस के साथ वहां का पेशेवर फिल्म निर्माण माहौल काफी आकर्षक है। स्थानीय टीम के सहयोग और गर्मजोशी ने उनके निर्देशकों और कार्यकारी निर्माताओं के अनुभव को बेहतर बनाया। यही वजह है कि उनकी कंपनी भविष्य की फिल्मों के लिए भी ऑस्ट्रेलिया को अहम शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में देख रही है।
‘हे बेबी’ से शुरू हुआ था रिश्ता, अब सीक्वल की बारी
क्रिस मिन्स ने नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के साथ तीन फिल्मों की शूटिंग के फैसले को न्यू साउथ वेल्स की स्क्रीन इंडस्ट्री के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस का ऑस्ट्रेलिया में लौटना वहां की फिल्म इंडस्ट्री में भरोसे को दर्शाता है।
प्रीमियर ने ‘हे बेबी’ का जिक्र करते हुए कहा कि नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट और न्यू साउथ वेल्स के बीच रिश्ता करीब दो दशक पुराना है। अब ‘हे बेबी 2’ की शूटिंग के साथ यह जुड़ाव और मजबूत होगा। बड़ी भारतीय फिल्मों की शूटिंग से स्थानीय क्रू, तकनीकी विशेषज्ञों, रचनात्मक पेशेवरों और अन्य व्यवसायों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही भारतीय दर्शकों के बीच ऑस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स की खूबसूरत लोकेशंस को भी बढ़ावा मिलेगा।
भारतीय फिल्मों के लिए ऑस्ट्रेलिया बनेगा नया पसंदीदा ठिकाना
ऑस्ट्रेलियाई फिल्ममेकर अनुपम शर्मा ने भी इस सहयोग पर खुशी जताई। उन्होंने ‘हे बेबी’ की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए कहा कि नाडियाडवाला की टीम ने न्यू साउथ वेल्स में पेशेवर तरीके से काम किया और स्थानीय फिल्म व्यवस्था का सम्मान किया।
नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की तीन फिल्मों की शूटिंग का फैसला केवल लोकेशन बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे भारत और ऑस्ट्रेलिया के फिल्म उद्योगों के बीच बढ़ते सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की विश्वस्तरीय फिल्म सुविधाएं, खूबसूरत लोकेशंस, अनुभवी क्रू और मजबूत भारतीय समुदाय भारतीय निर्माताओं के लिए इसे आकर्षक विकल्प बनाते हैं।
नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने मनोरंजन जगत में 75 साल की विरासत पूरी की है। अब तीन फिल्मों की ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग का ऐलान इस विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने और भारतीय सिनेमा को वैश्विक लोकेशंस से जोड़ने की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है।





