DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

विज्ञान भवन में दो दिवसीय सम्मेलन: ‘भारती नारी से नारायणी’

वीना टंडन
नई दिल्ली।दिल्ली के विज्ञान भवन में ‘भारती नारी से नारायणी’ विषय पर आधारित दो दिवसीय महत्त्वपूर्ण आयोजन संपन्न होगा। सम्मेलन की रूपरेखा साझा करने के लिए राष्ट्र सेविका समिति, शरण्या और भारतीय विद्वत परिषद के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उद्घाटन सत्र में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंच संभालेंगी, जबकि समापन सत्र में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
90 साल की सेवा यात्रा, 4,500 शाखाओं के साथ
राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका सीता गायत्री ने बताया कि यह सम्मेलन केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि महिलाओं की रचनात्मक और सकारात्मक ऊर्जा को एक मंच पर लाने का प्रयास है। समिति का उद्देश्य समाज के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। समिति महिलाओं और पुरुषों को प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक के रूप में देखती है।
साल 1936 में स्थापित इस समिति ने अब अपने 90 साल पूरे कर लिए हैं। देशभर में 4,500 शाखाएं संचालित हैं और समिति से जुड़ी लगभग 65 संस्थाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में लगभग 2,000 सेवा प्रकल्प चला रही हैं।
महिलाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य
भारतीय विद्वत परिषद की सचिव डॉ. वी. शिवानी ने बताया कि सम्मेलन का मूल उद्देश्य महिलाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करना और उनकी आंतरिक क्षमता को पहचान देना है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में ज्ञान, शक्ति, स्वतंत्रता, जागरूकता, प्रकृति, संस्कृति, उपलब्धि और सृजन जैसे आठ प्रमुख विषयों पर गहन विमर्श होगा।
साथ ही चार विशेष परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। महिला सांसद ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर अपने विचार रखेंगी। महिला कुलपतियों की बैठक में शिक्षा और नेतृत्व से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। वहीं, ‘साध्वी संगम’ सत्र में योग, अध्यात्म और धर्म से जुड़े आयामों पर संवाद और चिंतन किया जाएगा।
समाज और शासन के बीच संवाद का मंच
सम्मेलन में देशभर से प्राप्त सुझावों और पारित प्रस्तावों को संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि नीतिगत स्तर पर भी सकारात्मक बदलाव संभव हो सके। शरण्या की अध्यक्ष अंजू आहूजा ने इसे महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रमुख हस्तियां करेंगी हिस्सा
राष्ट्र सेविका समिति की दिल्ली प्रांत प्रमुख डॉ. रचना वाजपेयी ने बताया कि समिति की प्रमुख संचालिका शांता कुमारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। इसके अलावा साध्वी ऋतंभरा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रधान और अन्नपूर्णा देवी समेत कई प्रमुख हस्तियां सम्मेलन में भाग लेंगी।
सम्मेलन विचार-विमर्श तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिला नेतृत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित होने की उम्मीद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button