
सरकार लोकसभा में राहुल गांधी को बोलने से रोक रही, चीन मुद्दे की सच्चाई छुपाने की कोशिश-प्रियंका गांधी
वीना टंडन
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को संसद परिसर में कहा कि सरकार नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने नहीं दे रही है, क्योंकि उसे डर है कि चीन के साथ सेना तनाव के समय की सच्चाई सामने आ जाएगी।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने सोमवार और मंगलवार को लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण पर आधारित लेख का हवाला देते हुए चीन से जुड़े मसलों पर चर्चा करने का प्रयास किया, लेकिन आसन से उन्हें बोलने की अनुमति नहीं मिली। इसके बावजूद राहुल गांधी ने मंगलवार को इस लेख को सत्यापित कर सदन में प्रस्तुत किया। इसके बावजूद इस विषय और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर सदन में गतिरोध बना हुआ है।
प्रियंका गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ”हर सत्र में विपक्ष के सांसदों को निलंबित किया जा रहा है, इसमें कोई नई बात नहीं है। राहुल गांधी जी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध स्रोत से कुछ उद्धृत कर रहे हैं, फिर भी उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संजय बारू की पुस्तक का हवाला संसद में दिया है और सत्ता पक्ष के सांसद समय-समय पर पत्रिका या किताब के अंश उद्धृत करते रहे हैं। ”संसद लोकतंत्र का मंदिर है और देश के हर नागरिक की इसमें आस्था है। इसलिए जरूरी मुद्दों पर चर्चा होना चाहिए,” प्रियंका ने कहा।
प्रियंका ने जोर देकर कहा कि संसद में हमेशा चीन, पाकिस्तान और विदेश नीति से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होती रही है और यही हमारी परंपरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ”असलियत में मोदी सरकार डर गई है कि उनकी सच्चाई देश के सामने आ जाएगी, इसलिए वे किताब को प्रकाशित भी नहीं होने दे रहे।”

