DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

पिछले साल 77 हजार किलो से ज्यादा नशीले पदार्थ नष्ट, 67% दोषसिद्धि दर हासिल: एनसीबी

वीना टंडन
नई दिल्ली। संघीय एंटी-नारकोटिक्स एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पिछले साल की गतिविधियों का ग्राफ साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2025 के दौरान 77,000 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थों को नष्ट कराया गया। एजेंसी के मुताबिक, नष्ट किए गए प्रतिबंधित मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 3,889 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एनसीबी ने बताया कि 2025 में 131 मामलों में 265 ड्रग अपराधियों को दोषी ठहराया गया। इनमें से 39 अपराधियों को अधिकतम 20 साल की सजा सुनाई गई, जबकि 210 को 10 साल या उससे अधिक, लेकिन 20 साल से कम की सजा मिली।
एजेंसी के अनुसार, अदालतों में तय हुए ड्रग मामलों में 2025 के दौरान 67 प्रतिशत की दोषसिद्धि दर हासिल हुई, जो 2024 में दर्ज 60.8 प्रतिशत की तुलना में अधिक है।
एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग के तहत पिछले साल 14 इंटरपोल रेड नोटिस, 22 इंटरपोल ब्लू नोटिस और एक इंटरपोल सिल्वर नोटिस प्राप्त किए। रेड नोटिस का इस्तेमाल अपराधियों का पता लगाने और उनकी अस्थायी गिरफ्तारी के लिए किया जाता है, जबकि ब्लू नोटिस किसी व्यक्ति की पहचान और स्थान से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए और सिल्वर नोटिस आपराधिक संपत्तियों की पहचान के लिए जारी किया जाता है।
बयान में कहा गया कि 2025 के दौरान संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका और मलेशिया से पांच फरार आरोपियों को प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। एनसीबी ने इसे नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button