DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

राष्ट्रपति पुतिन ने अफगानिस्तान पर दिया बड़ा बयान, पाकिस्तान पर भी साधा परोक्ष निशाना

वीना टंडन
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने अपने भारत दौरे के दौरान अफगानिस्तान और तालिबान सरकार पर ऐसा बयान दिया है जिसे पाकिस्तान के लिए सीधी चेतावनी माना जा रहा है। पुतिन ने कहा कि अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार आतंक के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है और अफीम की खेती खत्म करने के लिए बड़े कदम उठा रही है। इसी कारण रूस ने तालिबान शासन को मान्यता दी है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है और पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के रिश्ते चरम तनाव में हैं।

मिली रिपोर्ट के अनुसार पुतिन ने कहा कि हर देश की अपनी चुनौतियां होती हैं और अफगानिस्तान भी इससे अछूता नहीं है। दशकों तक गृह युद्ध झेलने के बाद तालिबान ने देश की बागडोर संभाली है और यह हकीकत दुनिया को स्वीकार करनी ही होगी। उन्होंने दावा किया कि अफगान सरकार आतंकवाद से मुकाबले के लिए बड़े कदम उठा रही है और नशीले पदार्थों पर सख्त रोक लगाने में जुटी है। रूस ऐसा पहला देश है जिसने तालिबानी सरकार को आधिकारिक मान्यता दी है।

—भारत में आरटी इंडिया का शुभारंभ, पुतिन ने की तारीफों की बारिश

भारत में रूस के सरकारी टेलीविजन नेटवर्क आरटी इंडिया का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने भारत की अर्थव्यवस्था और क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत बदल रहा है लेकिन भारत–रूस की मित्रता और सहयोग की भावना आज भी उतनी ही मजबूत है।

पुतिन ने आरटी को “पूरी तरह स्वच्छ और दर्शकों की जरूरतों को पूरा करने वाली” जानकारी का स्रोत बताया। उन्होंने साफ कहा कि आरटी का काम रूसी नीतियों का प्रचार करना नहीं, बल्कि दुनिया और रूस के बारे में सही जानकारी उपलब्ध कराना है।

कुछ देशों द्वारा आरटी पर प्रतिबंध लगाने पर पुतिन ने कहा कि यह तकनीकी कारणों से नहीं, बल्कि “सच्चाई सामने आने के डर” की वजह से किया जाता है।

राज कपूर का भी लिया उल्लेख, माहौल हुआ हल्का

कार्यक्रम के दौरान पुतिन ने हास्यपूर्ण अंदाज़ में भारत और रूस के सांस्कृतिक रिश्तों की याद दिलाई। उन्होंने रूसी गायक व्लादिमीर वायसोस्की द्वारा राज कपूर पर लिखे गीत का जिक्र किया और मज़ाक करते हुए कहा, “राज कपूर के जमाने से बहुत कुछ बदल गया है। पहले योगी एक साल उपवास करते थे… अब सब कुछ खाते-पीते हैं।”

उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद दर्शक मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button